सिरसा। खाजा खेड़ा रोड पर सोमवार को बाइक सवार तीन युवकों ने काजू बादाम फैक्टरी संचालक से 45 हजार रुपये लूट लिए। पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस को दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में भीम कॉलोनी निवासी महेश गर्ग ने बताया कि उनकी खाजा खेड़ा रोड पर काजू बादाम बनाने की फैक्टरी है। उसने बताया कि हर रोज सुबह सात बजे फैक्टरी में जाता है और शाम को वापस आता है। शाम को वह करीब 45 हजार रुपये लेकर स्कूटी पर घर के लिए निकला। खाजाखेड़ा से थेहड़ मोहल्ला रोड पर बाइक सवार तीन युवकों ने उसे रोक लिया। इससे पहले की वह कुछ समझ पाता, युवकों ने उसकी स्कूटी की चाबी निकाल ली। एक युवक उसके पास आया और झपट्टा मारकर बैग छीनकर ले गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।