ओढां। पशुओं में मुंहखुर व गलघोटू के बचाव के लिए 30वें चरण के तहत संयुक्त टीकाकरण अभियान का शुभारंभ 1 नवंबर को हरियाणा दिवस के अवसर पर किया जाएगा। अभियान के तहत जिले में 4 लाख 63 हजार पशुओं के टीकाकरण का लक्ष्य रखा गया है। विभाग के कर्मचारी घर-घर जाकर टीकाकरण करेंगे। इसके अतिरिक्त यह वैैक्सीन जिले में स्थित सभी गोशालाओं व नंदीशालाओं में पशुओं को लगाई जाएगी। विभाग के उप-निदेशक डॉ. विद्यासागर बांसल ने बताया कि मुंहखुर एक छूत का रोग है। जिससे प्रभावित पशुओं में पैर का पटकना, पशुओं के खुर के आसपास सूजन, पशुओं द्वारा लंगड़ाना, पशु के घाव में खून आना, कीड़े पड़ना व मुंह एवं पैरों में छाले हो जाते हैं। वहीं गलघोटू से पीड़ित पशुओं में सांस लेने में कठिनाई होना, गर्दन में सूजन व बुखार जैसे लक्षण दिखाई देते हैं। डॉ. बांसल ने बताया कि मुंहखुर व गलघोटू के संयुक्त टीकाकरण के लिए जिला में विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों की 60 टीमें लगाई गई हैं। यह टीकाकरण विभाग की ओर से निशुल्क किया जा रहा है। यह टीका 4 माह से अधिक आयु की गाय या भैंस को लगाया जाएगा। इसके अलावा 7 माह से ऊपर गाभिन पशुओं को यह टीका नहीं लगाया जाएगा। टीकाकरण के बाद मवेशी को बार कोड वाला टैग लगाकर पोर्टल पर पंजीकरण किया जाएगा। सभी कर्मचारियों को निर्देश देते हुए कहा कि अभियान में किसी तरह की कोताही न बरतें। वहीं उन्होंने एसडीओ स्तर के अधिकारियों से कहा कि समय-समय पर औचक निरीक्षण कर टीकाकरण का जायजा लेते रहें।