पुलिस अधिकारियों की बैठक लेते पुलिस अधीक्षक।
- फोटो : Sirsa
जिले में निष्पक्ष व शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न करवाने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अरुण सिंह ने जिला पुलिस के अधिकारियों व थाना प्रभारियों की पुलिस अधीक्षक कार्यालय में बैठक ली। बैठक को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ. अरुण सिंह ने सभी पुलिस अधिकारियों को 21 अक्तूबर को होने जा रहे मतदान के दौरान पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जिला पुलिस स्वतंत्र व निष्पक्ष चुनाव करवाने में पूरी तरह सक्षम है। मतदान के दौरान आमजन के साथ मैत्रीपूर्ण व्यवहार किया जाए और असामाजिक तत्वों के साथ सख्ती से निपटा जाए। बैठक के उपरांत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पुलिस लाइन में पुलिस अधिकारियों व जवानों को भी संबोधित किया और उन्हें अपने कर्तव्य का बेहतर ढंग से निर्वहन करने को कहा। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मतदान के दौरान पूरी चौकसी बरती जाए और उन्होंने कहा कि नाकों व पेट्रोलिंग पार्टियों में तैनात अधिकारी व जवान आने जाने वाले व्यक्तियों व वाहनों को बारीकी से चेक करें और संदिग्ध किस्म के लोगों पर कड़ी नजर रखें। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिला पुलिस के अलावा बाहर से आए हुए अर्धसैनिक बल व होमगार्ड के जवानों को भी चुनाव ड्यूटी में तैनात किए गए हैं। उन्होंने ने बताया कि करीब साढ़े तीन हजार पुलिस जवान व अधिकारी चुनावी व्यवस्था का जिम्मा संभालेंगे। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि कुल 52 नाके लगाऐ गए हैं, जबकि 63 पेट्रोलिंग पार्टियों का भी गठन किया गया है। उन्होंने कहा कि जिला पुलिस स्वतंत्र व निष्पक्ष चुनाव कराने में पूरी तरह सक्षम है।