संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। लघु व सूक्ष्म उद्योग को बढ़ावा देने के लिए केंद्र व राज्य सरकार ने कई तरह की योजनाएं बनाई हैं। इसमें लोग विभाग के माध्यम से सब्सिडी लेकर उद्योग शुरू कर सकते हैं। जिले में हर वर्ष लघु व सूक्ष्म उद्योगों की संख्या बढ़ती जा रही है। जिले में बीते तीन वर्षों (2020) से अब तक कुल 3145 उद्योग लग चुके हैं। इसमें खाद्य सामग्री तैयार करना, फर्नीचर व कृषि संबंधित मशीनों को तैयार करने सहित अन्य कई प्रकार के उद्योग शामिल हैं।
सरकार की ओर से हर वर्ष सूक्ष्म, लघु व मध्यम उद्योग को बढ़ावा देने के लिए योजना तैयार की जाती है। इसमें उद्योग शुरू करने वाले लोगों को सब्सिडी के माध्यम से लाभ दिया जाता है। जिले में अब तक कुल 12906 सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योग लगे हैं। वहीं सरकार की ओर से सब्सिडी सहित अन्य सुविधाओं को बढ़ावा दिए जाने के बाद वर्ष 2020-21 में 1069 उद्योग स्थापित हुए थे। जबकि वर्ष 2021-22 में बढ़कर यह 1325 नए उद्योगों को स्थापित किया गया है। अब 2021-22 में अब तक 751 सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योग स्थापित हो चुके हैं। इनके माध्यम से लोग आत्मनिर्भर बन रहे है।
उद्योग को बढ़ावा देने के लिए सरकार की योजनाएं
- नई इकाइयों के लिए प्रधानमंत्री रोजगार सृजन योजना
- नई व पुरानी दोनों इकाइयों के लिए इलेक्ट्रिक व्हीकल पॉलिसी 2022 नई उद्यम नीति 2020
- हरियाणा ग्रामीण औद्योगिक विकास योजना
---------
जिले में यह इकाइयां लगी है सबसे अधिक
. वेस्टर मैनेजमेंट
. फर्नीचर
. शटरिंग स्टोर
. दूध प्रसंस्करण
. ऑयल मिल
. सीमेंट ब्लॉक
. टेलरिंग
. खाद्य प्रसंस्करण
इस तरह की जिले में लगी है इतनी यूनिट
. खाद्य प्रसंस्करण : भूजिया तैयार करने, ऑयल फैक्टरी, खल बिनौले उद्योग, मसाले तैयार करने सहित अन्य : 616
. फैबरिक उद्योग : फर्नीचर, चौखट बनाने सहित अन्य : 200
. एग्रीकल्चर: खेती संबंधित मशीनें को तैयार करने : 70
. प्लास्टिक मैनेजमेंट संबंधित : 40
मध्यम उद्योग के लिए विभाग के पास कम पहुंच रहे आवेदन
सरकार की ओर से सूक्ष्म, लघु व मध्यम उद्योग लगाने के लिए लोगों को सब्सिडी और अन्य सहायता प्रदान की जाती है, लेकिन मध्यम उद्योग लगाने के लिए विभाग के पास कम आवेदन पहुंच रहे हैं। जिले में अभी तक केवल 39 ही मध्यम उद्योगों की स्थापना हो पाई है। प्रधानमंत्री सूक्ष्म उद्योग उन्नयन योजना के तहत भी अब सरकार की लागत पर 35 फीसदी सब्सिडी प्रदान की जा रही है। इसमें एक जिला एक उत्पादन के तहत मिल्क प्रोसेसिंग सहित आम, आलू, लीची, टमाटर, साबूदाना, किन्नू, भुजिया, पेठा, पापड़, आचार, मोटे अनाज आधारित उत्पाद, मत्स्य, पोल्ट्री उत्पादों तथा पशु चारा इत्यादि के लिए भी लाभ ले सकते हैं।
वर्जन
सूक्ष्म व लघु उद्योग लगाने के लिए सरकार की ओर से विभिन्न योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। खाद्य सामग्री तैयार करने, मशीनों को तैयार करने, फर्नीचर सहित अन्य कई तरह के उद्योग जिले में लग रहे हैं। इसका लाभ लोगों को मिल रहा है। विभाग की ओर से भी लोगों को योजना के संबंधित हर प्रकार की जानकारी दी जा रही है। - दिनेश पाल, सहायक निदेशक, मिनिस्ट्री ऑफ माइक्रो स्मॉल एंड मीडियम इंटरप्राइजिज, सिरसा।