सिरसा। गांव खाई शेरगढ़ में एक शराब ठेके के ताले तोड़कर चोर गल्ले में रखी 30 हजार रुपये की नकदी व 4 पेटी अंग्रेजी शराब चोरी कर ले गए। सुबह कारिंदे को इस बारे में पता चला, जिसके बाद ठेकेदार को सूचित किया गया। पुलिस को दी शिकायत में झारखंड के गांव बेला निवासी अजीत कुमार ने बताया कि वह काफी समय से गांव शेरगढ़ में शराब ठेके पर काम करता है। उसने बताया कि 1 नवंबर की रात्रि को वह ठेका बंद कर सो गया। देर रात्रि को 4-5 युवकों ने शटर के ताले तोड़कर गल्ले में पड़ी 30 हजार रुपये की नकदी व 4 पेटी अंग्रेजी शराब चोरी कर ली। सुबह उसे घटना के बारे में पता चला, जिसके बाद पहले तो अपने स्तर पर जांच की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा, जिसके बाद पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।