सिरसा। जिला इन दिनों चोरों की जद में है। पिछले एक माह में ही जिले में बाइक व अन्य चोरी की 30 वारदात सामने आ चुकी हैं। इनमें से पुलिस एक भी चोरी की वारदात को सुलझाने में सफल नहीं हो पाई है। एक ओर पुलिस जहां दिन-रात गश्त की बात करती है, वहीं चोरी की वारदात से आमजन हैं। लोगों का मानना है कि नशे की लत में पड़े युवक ही यह वारदात कर रहे हैं।
जिले में अज्ञात चोर बाइक के साथ-साथ लोगों के घरों, बाजारों में आने वाले लोगों और खेतों को भी निशाना बना रहे हैं। बता दें कि इस एक महीने के दौरान जिले के अलग-अलग इलाकों से करीब 25 से 30 बाइक चोरी हो चुकी हैं। वहीं बाजारों में आने वाली महिलाओं तक को निशाना बनाया जा रहा है। बाइक चोरों को पकड़ने और जिले में हो रही चोरियों को रोकने में पुलिस पूरी तरह से नाकाम दिखाई दे रही है।
नशेड़ी दे रहे वारदात को अंजाम
लोगों का मानना है कि नशे की लत में पड़े युवा ही बाइक चोरी की वारदात को अंजाम दे रहे हैं। वहीं स्नेचिंग की घटनाएं भी बढ़ गई हैं। लोगों का कहना है कि पुलिस वारदात स्थल पर तो पहुंचती है, लेकिन बाइक चोरी व स्नेचिंग की वारदात के सुराग नहीं लगाती। जिस कारण जो लोग पीड़ित हैं, उनको बार-बार पुलिस थानों के चक्कर लगाने पड़ते हैं।
जिले में बीते एक माह में हुई चोरी की वारदात
1. 2 जून को कीर्ति नगर निवासी ललित मेहरा की कालूराम सेठी वाली गली से बाइक चोरी हो गई।
2. प्रदीप सैनी निवासी जंडवाला मोहल्ला की 4 जून की रात को घर के बाहर खड़ी मोटरसाइकिल चोरी हो गई।
3. रविंद्र निवासी गांव कोटली की 5 जून को डबवाली रोड पर नेक्सा शोरूम के बाहर खड़ी मोटरसाइकिल चोरी हो गई।
4. संदीप निवासी सुखसागर काॅलोनी की बाइक 9 जून को किरयाना की दुकान के आगे से चोरी हो गई।
5. सुरेंद्र निवासी शांतिनगर की 10 जून को काली माता मंदिर के बाहर खड़ी बाइक चोरी हो गई।
6. पुरानी हाउसिंग कॉलोनी में 11 जून को निखिल यादव की घर के बाहर खड़ी क्रेटा कार चोरी हो गई।
7. अग्रसेन कॉलोनी निवासी अजय की घर के बाहर खड़ी बाइक को 14 जून को चुरा लिया गया।
8. छबील पर 18 जून को पानी पी रहे सतपाल निवासी रामपुढा ढिल्लों की जेब से गोपाल कांडा के कार्यालय के बाद 10470 रुपये निकाल लिए गए।
9. कांडा कॉलोनी में साहिल की 18 जून की दोपहर को उसके घर के आगे से बाइक चोरी हो गई।
10. गांधी कॉलोनी में संदीप की 18 जून को बाइक चोरी हो गई।
11. प्रतापगढ़ के मावड़िया मंदिर में चोरों ने पूजा सोनी की सोने की चेन चुरा ली।
12. शिव चौक निवासी मनोज की जो जिला कचहरी में रीडर के पद पर हैं, उसके घर के बाहर से 21 जून को बाइक चोरी हो गई।
13. 22 जून की रात को सिरसा के ओमप्रकाश के घर के बाहर खड़ी बाइक को अज्ञात चुराकर ले गया।
14. इंद्रपुरा मोहल्ला में 23 जून को सुनील कुमार की गाड़ी से बैटरी को चुरा लिया गया।
15.शुभम निवासी गांव केलनिया की 25 जून को सुबह सिरसा के एक कोचिंग सेंटर के आगे से बाइक को अज्ञात चुराकर ले गया।
16. प्रिंस निवासी थेहड़ मोहल्ला 25 जून को सालासर मंदिर में माथा टेकने के बाद वापस आया तो मंदिर के बाहर खड़ी बाइक चोरी हो गई।
-
बाइक चोरी की घटनाओं को रोकने के लिए विशेष रूप से एंटी व्हीकल थेफ्ट टीम का गठन किया गया है। टीम सभी मामलों को ट्रेस करने में लगी हुई है। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज लेकर जांच की जा रही है और उसी आधार पर युवकों की पहचान की जा रही है। जल्द ही बाइक चोरी में खुलासे किए जाएंगे।
::सुरजीत सिंह, प्रवक्ता, एसपी सिरसा।