जूडो चैंपियनशिप के विजेता खिलाड़ी अपना मेडल दिखाते हुए।
सिरसा। जिला के तीन जूडो खिलाड़ियों का राष्ट्रीयस्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है। चयन के साथ ही खिलाड़ी राष्ट्रीयस्तर की प्रतियोगिताओं की तैयारियों में जुट गए हैं। 26 नवंबर को कैथल में हुई राज्यस्तरीय सब जूनियर स्टेट जूडो प्रतियोगिता में समीर, बिरजू व हर्षित विजेता रहे थे।
बता दें कि 26 नवंबर को कैथल में हुई प्रतियोगिता में जिले से 10 खिलाड़ियों ने भाग लिया था। जिनमें से 3 खिलाड़ियों का राज्यस्तरीय के लिए चयन हुआ है। जिले के जूडो खिलाड़ी समीर ने 40 किलो भारवर्ग में, बिरजू ने 45 किलो भारवर्ग में और हर्षित ने 66 किलो भारवर्ग में गोल्ड मेडल जीता है। ये तीनों खिलाड़ी 15 से 18 दिसंबर को आयोजित होने वाली जूडो की राष्ट्रीय स्तर प्रतियोगिता में भाग लेंगे। तीनों खिलाड़ी शहीद भगत सिंह स्टेडियम में अभ्यास करते हैं।
इस प्रकार रही है पहले तीनों खिलाड़ियों की उपलब्धि
जूडो खिलाड़ी हर्षित पिछले पांच साल से जूडो की ट्रेनिंग भगत सिंह स्टेडियम में ले रहा है। हर्षित तीन बार सीबीएसई नेशनल खेल चुका है। जिसमें उसने 2019-20 में 2 रजत पदक जीते हैं। वहीं इसके बाद 2022-23 में सीबीएसई नेशनल में सिल्वर मेडल हर्षित ने जीता। वहीं मई में भी नेशनल जूडो प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल हर्षित ने अपने नाम किया है। वहीं समीर ने स्कूल स्टेट में गोल्ड और बिरजू ने नेशनल में कांस्य मेडल जीता था।
ये तीनों खिलाड़ी शहीद भगत सिंह स्टेडियम में पिछले 5 साल से प्रशिक्षण ले रहे हैं। अब इन खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीयस्तरीय जूडो प्रतियोगिता के लिए हुआ है। इसके बाद खिलाड़ियों का अगर चयन होता है तो ये खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलने के लिए जाएंगे।
- अर्चना, जूडो कोच (भीम अवॉर्डी), भगत सिंह स्टेडियम सिरसा।