संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। जिले में 21 दिनों से बंद पड़ी ई-दिशा की 256 सेवाएं सोमवार को शुरू हुई। हालांकि सर्वर धीमा होने के कारण आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ा। जिले भर में हड़ताल खत्म होने के बाद पहले दिन करीब 1200 टोकन कटे। ई दिशा केंद्र के अंदर और बाहर लोगों की भीड़ रही। सोमवार को करीब 300 रजिस्ट्रियां हुईं।
कर्मचारियों की हड़ताल के चलते जिले भर में 256 सेवाएं बंद रही। लाइसेंस से लेकर अन्य कार्यों की 15 हजार से ज्यादा फाइलें लंबित हैं। इनका निपटान तहसील व एसडीएम कार्यालय के माध्यम से होना है। हड़ताल से सरकार का लगभग 55 से 60 करोड़ रुपये का राजस्व नुकसान हो चुका है। सोमवार को कंप्यूटर ऑपरेटरों के काम पर लौटने से लोगों ने राहत ली, लेकिन अव्यवस्था के चलते उन्हें परेशानी उठानी पड़ी। सोमवार को रजिस्ट्री, प्रमाण-पत्र, वाहन पंजीकरण, नकल, जमाबंदी, फर्द और इंतकाल के लिए लोग ई-दिशा केंद्र पहुंचे। यहां लोगों की कतार दिनभर लगी रही। वाहन पंजीकरण, ड्राइविंग लाइसेंस, फर्द, नकल आदि कामों के 800 से 900 टोकन काटे गए। रजिस्ट्री को लेकर कटे हुए टोकनों की संख्या अलग रही। पहले दिन करीब 1200 टोकन कटे और जिले भर में करीब 300 रजिस्ट्रियां हुईं।
पहले हड़ताल के कारण नहीं हुआ काम, अब लाइन में लगे हैं
सरल केंद्र में जमीन की नकल लेने के लिए आया हूं। दो बार पहले भी आ चुका हूं। हड़ताल पर कर्मचारी होने के कारण घर लौटना पड़ा। आज उम्मीद जगी है कि नकल प्राप्त होगी। आधे घंटे से लाइन में लगा हुआ हूं। - दीपक सैनी, रामनगरिया ,सिरसा।
जमाबंदी लेने के लिए आया हूं। हड़ताल के कारण कई दिनों जमाबंदी नहीं मिल पाई थी। इसके बिना कई काम अटके हुए हैं। आज मिलेगी तो पटवारी व कृषि विभाग से जुड़े कार्य करवा पाउंगा। पृथ्वी राज, निवासी गावं मीरपुर, सिरसा।
जमीन की रजिस्ट्री करवाने के लिए टोकन लिया है। आज उम्मीद है कि रजिस्ट्री हो जाएगी। वरना चक्कर काटकर परेशान हो गया हूं।
- प्रवीन कुमार, शहीदांवाली।