सिरसा। आशा वर्कर यूनियन की ओर से शनिवार को अपनी मांगों को लेकर अंबेडकर चौक पर स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज का पुतला फूंका। वहीं आशा वर्करों ने हड़ताल रखी। आशा वर्कर शनिवार सुबह नागरिक अस्पताल से अनिल विज के पुतले की शव यात्रा के साथ रोष प्रदर्शन करते हुए अंबेडकर चौक पहुंची। यहां पर उन्होंने पुतला फूंका। रोष प्रदर्शन की अध्यक्षता जिला प्रधान कलावती ने की। उन्होंने क हा कि 45वें श्रम सम्मेलन की सिफारिशों के मुताबिक परियोजनाओं में कार्यरत कर्मचारियों को सरकारी कर्मचारी का दर्जा दिलवाया जाए, न्यूनतम वेतन 18 हजार मासिक लागू किया जाए, सभी कर्मचारियों को 60 वर्ष की सेवा के बाद तीन हजार रु पये मासिक पेंशन दी जाए, आशा वर्करों के लिए सामाजिक सुरक्षा सभी लागू हो, सभी कर्मचारियों को ईएसआई व जीपीएफ के दायरे में लाने व 2018-19 के केंद्रीय बजट में परियोजनाओं को पूरी तरह से लागू करवाने के पर्याप्त बजट अलाट किया जाए। उन्होंने कहा कि पिछले दस दिनों से आशा वर्करों द्वारा सीएमओ कार्यालय के समक्ष धरना दिया जा रहा है। आंदोलन के अगले चरण में 27 जनवरी से तीन दिवसीय हड़ताल शुरू की जा रही है। हड़ताल के पहले दिन स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज का पुतला फूंका गया है। उन्होंने कहा कि उनकी यह हड़ताल 28,29 जनवरी को रहेगी। इसके बाद 30 जनवरी को परियोजनाओं के हजारों कर्मचारी देशव्यापी ट्रेड यूनियनों के आह्वान पर जेल भरो आंदोलन में आशा वर्कर भाग लेंगी। उन्हाेंने कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होती उनका संघर्ष जारी रहेगा।
------------------------
आशा वर्कर्स ने फूंका विज का पुतला