सीआईए टीम के साथ अवैध शराब के साथ पकड़े गए तीनों आरोपी।
सिरसा। सीआईए स्टाफ डबवाली टीम ने गांव शेरगढ़ से एक पिकअप से 163 पेटियां शराब पकड़ तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपी पंजाब के रहने वाले हैं।
प्रभारी सीआईए स्टाफ डबवाली उप निरीक्षक राजपाल ने बताया कि एएसआई जगजीत सिंह अपनी पुलिस पार्टी के साथ गश्त पर बस स्टैंड गांव शेरगढ़ के पास मौजूद थे। इस दौरान टीम को सूचना मिली कि महेंद्रा बोलेरो पिकअप में पंजाब से अवैध रूप से शराब की सप्लाई की जा रही है। इस पर पंजाब से डिंग खेड़ा-शेरगढ़ रास्ते पर नाके बंदी कर दी।
इस दौरान पिकअप टीम को आते हुए दिखाई दी। नियमानुसार गाड़ी रुकवाकर तलाशी ली गई तो उसमें कई अंग्रेजी, देसी व बीयर भरी हुई थी। पुलिस टीम ने चालक व उसके साथियों से शराब परमिट व लाइसेंस की मांग की। पुलिस की टीम ने पिकअप की जांच की तो उसमें कुल 163 पेटी देसी शराब, अंग्रेजी शराब व बीयर की बरामद हुई।
पुलिस पूछताछ में तीनों आरोपियों की पहचान जम्मू सिंह पुत्र बलकार सिंह निवासी वार्ड 2, पातड़ा, जिला पटियाला, गुलाब सिंह उर्फ गुलाबी पुत्र बेअंत सिंह व परविन्द्र सिंह निवासी टपाली तहसील फूल जिला बठिंडा के रूप में हुई है। तीनों के खिलाफ थाना शहर डबवाली में आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।