जिला परिषद चुनाव को लेकर उम्मीदवारों के नामांकन पत्रों की जांच करते अधिकारी। संवाद
- फोटो : Sirsa
सिरसा। जिला परिषद, ब्लॉक समिति, सरपंच और पंच पद के लिए दावेदारी जताने के लिए उम्मीदवार अब आगे आ रहे हैं। चुनाव में नामांकन भरने के लिए दो दिन का ही समय शेष बचा है। जिले में अब तक जिला परिषद के लिए 15, ब्लॉक समिति के लिए 69, सरपंच के लिए 218 और पंच के लिए 233 नामांकन दर्ज किए गए हैं। हालांकि इनमें पुरुषों के ही सबसे अधिक नामांकन दर्ज किए गए हैं।
जिले में जिला परिषद की 24, ब्लॉक समिति की 186, सरपंच 339 और पंच 3570 पदों के लिए चुनाव होना है। इसके लिए प्रत्याशी 28 अक्तूबर तक नामांकन दर्ज कर सकते हैं। इसके बाद 29 अक्तूबर तक नामांकन वापस ले सकते हैं और 29 को ही चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। जिला परिषद के चुनाव के लिए अब भाजपा और इनेलो ने भी प्रत्याशी मैदान में उतरने शुरू कर दिए हैं। सामान्य श्रेणी, एससी सहित आरक्षित सीटों पर भी चुनाव लड़ने के लिए उम्मीदवार अब मैदान में आ रहे हैं। प्रशासन के पास अब तक पंच पद के लिए सबसे अधिक आवेदन आए हैं, जबकि सरपंच के लिए भी आवेदन आने का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है।
अब तक पहुंचे आवेदन
सीटें आवेदन पुरुष महिलाएं
जिला परिषद 15 9 6
ब्लॉक समिति 69 43 26
सरपंच 218 115 103
पंच 233 135 98
गांवों में सर्वसम्मति पर ज्यादा जोर
चुनाव के लिए 28 अक्तूबर तक ही नामांकन दाखिल किया जा सकता है। इससे पहले गांवों में सर्वसम्मति बनाने को लेकर जोर भी दिया जा रहा है। गांव के मुखिया व सदस्य लगातार बैठक करने के बाद सर्वसम्मति बनाने को लेकर भी चर्चा कर रहे है। करीब आठ गांवों में अभी तक सर्वसम्मति से सरपंच चुन लिया गया है, जबकि पंच भी चुने जा रहे हैं।