सिरसा। जिले में डेंगू पीड़ितों को आंकड़ा बढ़ता जा रहा है। बुधवार को 10 लोग डेंगू पीड़ित मिले हैं, जबकि मंगलवार को नौ लोगों को डेंगू हुआ था। ऐसे में मरीजों का आंकड़ा अब 185 तक पहुंच गया है। वहीं, स्वास्थ्य विभाग ने जिले में डेंगू हॉट स्पॉट बने क्षेत्रों को चयनित करना शुरू कर दिया है। जिले में 18 कॉलोनियों व 18 गांव डेंगू हॉट स्पॉट बने हैं। यहां पर फॉगिंग करवाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने उपायुक्त को पत्र लिखा है।
शहर में ही अब सबसे अधिक डेंगू के मरीज मिल रहे हैं। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग ने शहर की13 कॉलोनियों का चयन किया है। इसके अलावा डबवाली की भी पांच कॉलोनियों को डेंगू हॉट स्पॉट में शामिल किया गया है। इसके साथ ही डबवाली, कालांवाली, रानियां, चोपटा सहित अन्य ब्लॉकों के कई गांवों भी हॉट स्पॉट में शामिल हैं। बढ़ते डेंगू के मामले को चलते मंगलवार को उपायुक्त पार्थ गुप्ता ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की थी और स्थिति की जानकारी ली। ऐसे में अब स्वास्थ्य विभाग ने डेंगू हॉट स्पॉट एरिया की सूची उपायुक्त को भेजी है और वहां फॉगिंग करवाने की मांग की है। नगर परिषद की ओर से शहर में और गांवों में बीडीपीओ की तरफ से फॉगिंग करवाई जानी है। स्वास्थ्य विभाग ने डेंगू का लारवा मिलने पर अब तक दो हजार से अधिक लोगों को नोटिस जारी किए गए हैं।
नहीं हो रहा मच्छरों का खात्मा
डेढ़ माह से डेंगू के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। ऐसे में नगर परिषद की ओर से शहर में एक बार फॉगिंग करवाई गई, लेकिन मरीजों की संख्या में कोई कमी नहीं आई तो स्वास्थ्य विभाग ने उपायुक्त को पत्र लिखकर दूसरी बार फॉगिंग करवाने की मांग की थी। ऐसे में अब कई स्थानों पर दूसरी बार भी फॉगिंग हो चुकी है। लेकिन इसके बाद भी स्थिति में कोई समाधान होते हुए नजर नहीं आ रहा।
यह स्थान डेंगू हॉट स्पॉट क्षेत्र में शामिल
सिरसा का प्रेमनगर, पार्थ कॉलोनी, अग्रसेन कॉलोनी, हुडा सेक्टर पार्ट 19 व 20, अग्रवाल एरिया, गोशाला मोहल्ला, प्रीतनगर, एयर फोर्स कॉलोनी, जेजे कॉलोनी, चत्तरगढ़पट्टी, बेगू रोड, बरनाला रोड,
मंडी डबवाली का सुंदर नगर, कबीर बस्ती, इंद्र नगर, हर्ष नगर, बस स्टैंड एरिया, मडी कालांवाली का वार्ड दो, मॉडल टाउन, पीर खेड़ा एरिया, गांव कालांवाली, गांव जमाल, डिंग, माधोसिंघाना, भरोखां, दड़बी, भावदीन, देसूजोधा, साहुवाला प्रथम, कर्मगढ़, पन्नीवाला मोटा, आनंदगढ़।
30 बेड आरक्षित, सिर्फ तीन पर ही लगी मच्छरदानी
डेंगू के मरीजों के बढ़ने के बाद स्वास्थ्य विभाग नेे नागरिक अस्पताल में 30 बेड डेंगू मरीजों के लिए आरक्षित किए थे। अब यहां पर केवल तीन बेडों पर ही मच्छरदानी लगी है। डेंगू के अधिक मरीज सरकारी के बजाय निजी अस्पतालों में जांच करवाने के लिए पहुंच रहे हैं। नागरिक अस्पताल में केवल चार मरीजों का ही इलाज चल रहा है। सरकारी अस्पताल में मरीजों के न पहुंचने के कारण अस्पताल के सर्जिकल वार्ड में अब अन्य मरीजों को दाखिल कर उनका इलाज किया जा रहा है।
वर्जन
बुधवार को 10 लोगों डेंगू पीड़ित मिले हैं। मरीजों की लगातार जांच की जा रही है। डेंगू हॉट स्पॉट एरिया में अब दोबारा से फॉगिंग करवाने के लिए उपायुक्त को पत्र लिखा गया है। जिले में अब तक डेंगू का 185 मरीज मिले हैं। -डॉ. संजय कुमार, जिला महामारी अधिकारी, सिरसा।