सिरसा। चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय के छात्र कल्याण अधिष्ठाता कार्यालय की ओर से बैठक का आयोजन किया गया। इस दौरान फैसला लिया गया है कि सीडीएलयू में 11वी वार्षिक एथलेटिक मीट का आयोजन 17 व 18 मार्च को किया जाएगा।
विश्वविद्यालय के छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रोफेसर जेएस जाखड़ ने बुधवार को कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए गठित की विभिन्न कमेटियों के संयोजकों की बैठक ली। उन्होंने कहा कि कुलपति प्रोफेसर अजमेर सिंह मलिक के दिशा निर्देशन में एथलेटिक्स मीट करवाई जाएगी। खेल ग्राउंड में आयोजित दो दिवसीय मीट में 30 इवेंट्स होंगे और खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। विभिन्न विभागों के साथ-साथ यूनिवर्सिटी कॉलेज तथा यूएसजीएस के विद्यार्थी भी मीट में भाग लेने के लिए पंजीकरण करवा सकते हैं। उन्होंने कहा कि आई-कार्ड दिखा कर विद्यार्थी खुद भी अपना पंजीकरण करवा सकते हैं। विश्वविद्यालय खेल परिषद की अध्यक्ष प्रोफेसर मोनिका वर्मा एथलेटिक्स मीट की डायरेक्टर होंगी। इसके साथ ही 12 से अधिक समितियां व 14 उप समितियां बनाई गई हैं। बैठक में असिस्टेंट स्टूडेंट डीन वेलफेयर डॉ. राज कुमार, मीट के संगठन सचिव डॉ. ईश्वर मलिक तथा डॉ. अशोक मलिक भी उपस्थित थे।