नप अधिकारियों के खिलाफ वार्ड पार्षद पहुंचे सीएम विंडो
डबवाली। वार्ड चार के पार्षद युद्धवीर रंगीला ने सीएम विंडो में शिकायत दर्ज करवाते हुए मृत पशुओं को उठाने, बंदरों को पकड़ने व नई लाइटों की खरीद करने वाली जनहित की समस्याओं को दरकिनार करने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई करने की मांग की है। सीएम विंडो में दी शिकायत में पार्षद युद्धवीर रंगीला ने बताया कि नगर परिषद अधिकारी समस्याओं का समाधान करने की बजाय जानबूझकर इन्हें लटकाकर सरकार व परिषद का नाम खराब कर जनविरोधी कार्य कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि मृत पशुओं को उठवाने के लिए परिषद की 22 अगस्त, 2016 की बैठक के प्रस्ताव नंबर-14 में डाला हुआ है, जबकि बंदरों को पकड़ने संबंधित समस्या का प्रस्ताव नंबर-13 में लिखा गया है। इसके अलावा नई लाइट खरीदने बारे प्रस्ताव इसी बैठक में नंबर-9 में दर्शाया गया है। इन सभी प्रस्तावों को सर्वसम्मति से जनहित में पास करके कार्रवाई हेतु उच्चाधिकारियों को प्रेषित किया गया, लेकिन इन मुख्य समस्याओं पर किसी भी अधिकारी ने कोई संज्ञान नहीं लिया है।