अमर उजाला ब्यूरो
सिरसा।
सिरसा के नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक हमीद अख्तर ने सुबह कार्यभार संभाल लिया है। इससे पूर्व वह एसपी महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, पुलिस अधीक्षक मुख्यालय चंडीगढ़, डीसीपी गुरुग्राम और पंचकूला, हरियाणा सशस्त्र पुलिस की प्रथम और तृतीय बटालियन के कमांडट और एसपी विजिलेंस भी रह चुके है। पुलिस अधीक्षक अख्तर ने बताया कि सर्वप्रथम वह जिला के सभी पुलिस अधिकारियों की बैठक लेकर उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश देंगे और इसके बाद जिलेभर का दौरा कर कानून व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा करेंगे। उन्होंने बताया कि जिला में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विभिन्न अभियानों में और तेजी लाई जाएगी। पुलिस अधीक्षक हमीद अख्तर ने यह भी कहा कि जिलेभर में नशा मुक्त समाज बनाने के लिए जो अभियान चलाया जा रहा है, उसमें आमजन का सहयोग लेकर नशे जैसी सामाजिक बुराई के खिलाफ लोगों को जागरूक किया जाएगा और गैर कानूनी धंधा करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक फतेहाबाद दीपक सहारण, एडिशनल एसपी विजय कक्कड़ और एएसपी नरेंद्र बिजारणिया भी मौजूद रहे।