सिरसा। स्नातक कक्षाओं में दाखिला के लिए हरियाणा उच्च शिक्षा विभाग द्वारा वीरवार को पहली मेरिट लिस्ट जारी की गई। इस दौरान जेसीडी मेमोरियल कॉलेज में विद्यार्थियों की काफी भीड़ रही। जेसीडी मेमोरियल कॉलेज में एडमिशन लेने के लिए 1100 से अधिक विद्यार्थियों ने आवेदन किया था। जिनमें से 400 से ज्यादा विद्यार्थियों का पहली मेरिट लिस्ट में नाम आ चुका है।
वहीं पहली मेरिट लिस्ट में बीए, बीकॉम, बीसीए और बीएससी में स्थान पाने वाले विद्यार्थियों की मेरिट 90 फीसदी से ऊपर तक गई है। जिन विद्यार्थियों का पहली लिस्ट में नाम आया है वह 16 जुलाई तक एडमिशन करवा कर अपनी सीट पक्की कर सकते है। उसके बाद 18 जुलाई को आने वाली दूसरी मेरिट लिस्ट में स्थान पाने वाले विद्यार्थियों को उनकी जगह वरीयता दी जाएगी। जिन विद्यार्थियों का दोनों मेरिट लिस्टों में नाम नहीं आएगा उन्हें 22 जुलाई से शेष बची सीटों के लिए ओपन काउंसिलिंग में मौका दिया जाएगा। वहीं एमए इंग्लिश, एमए मैथमेटिक्स एमएससी फिजिक्स, एमएससी केमेस्ट्री, एमएससी बॉटनी, एमएससी जूलॉजी व एम कॉम के लिए 24 जुलाई तक रजिस्ट्रेशन किए जाएंगे।