रोहतक। शहर के हिसार बाईपास पर शनिवार शाम को जींद चौक से आ रहे ट्रॉले ने फास्ट फूड रेहड़ी व बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर में चाउमिन खा रहे एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। देर रात तक सिटी पुलिस जांच पड़ताल में जुटी हुई थी। इंदिरा कॉलोनी चौकी प्रभारी एसआई परविंदर ने बताया कि शाम को दो युवक हिसार बाईपास चौक पर रेहड़ी के पास खड़े थे। इसी बीच जींद चौक की तरफ से एक ट्रॉला आया। ट्रॉला चालक ने पहले तो बाइक को टक्कर मारी। इसके बाद फास्ट फूड की रेहड़ी व उसके पास खड़े युवकों को कुचल दिया। बताया जा रहा है कि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उनमें से एक 27 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जो कलानौर खंड के एक गांव माड़ौदी का बताया गया है। पुलिस का कहना है कि घायल के बयान दर्ज कर केस दर्ज किया जाएगा। ब्यूरो