बहादुरगढ़। गांव लोवा खुर्द निवासी एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई। युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने की बात सामने आ रही है। असल वजह अभी स्पष्ट नहीं है। परिजनों के बयान के बाद मामले की सच्चाई सामने आ सकेगी। एचएल सिटी चौकी पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान करीब 25 वर्षीय दिनेश के रूप में हुई है।
रविवार दोपहर को दिनेश अपने घर से डेयरी गया था। दोपहर करीब चार बजे संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से उसकी मौत हो गई। वहां मौजूद लोगों को गोली की आवाज सुनाई दी तो तुरंत मौके पर पहुंचे। मौके पर देखा तो दिनेश की छाती में गोली लगी थी और वह लहूलुहान अवस्था में पड़ा था। इसके बाद ग्रामीण उसे बहादुरगढ़ के एक निजी अस्पताल में लेकर पहुंचे। यहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। इसके बाद शव को नागरिक अस्पताल में रखवाया गया। सूचना पाकर एचएल सिटी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक तौर पर युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने की बात सामने आ रही है। हालांकि इसकी पुष्टि परिजनों के बयान और पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। देर शाम तक पुलिस मामले की जांच में जुटी थी।