एमडीयू के गर्ल्स हॉस्टल पर ड्रोन मंडराने का मामला वीरवार को फिर गरमा गया, जब विवि के सुरक्षाकर्मियों ने दोपहर करीब दो बजे एक युवक को कैंपस के अंदर ड्रोन उड़ाते हुए पकड़ लिया, लेकिन संदिग्ध तरीके से छह घंटे बाद उसे छोड़ दिया। हालांकि लिखित में विवि के मुख्य सुरक्षा अधिकारी की तरफ से पीजीआईएमएस थाने में रिपोर्ट दी गई है।
थाना प्रभारी नायब सिंह का कहना है कि मामले की शिकायत मिली है, जिसकी जांच पड़ताल कर रहे हैं। पुख्ता तथ्य सामने आने के बाद ही बता सकेंगे कि युवक का हाथ पुराने मामलों में रहा है या नहीं। इस मामले को लेकर आरोपी युवक के पिता ने एमडीयू सुरक्षा अधिकारी को लिखित में कहा कि उसका बेटा गलती से खिलौना रूपी ड्रोन लेकर कैंपस में आ गया था।
छह घंटे बाद संदिग्ध हालात में छोड़ा युवक
एमडीयू कैंपस के गर्ल्स हास्टल के पीछे वीरवार को एक बार फिर ड्रोन उड़ाए जाने की खबर आग की तरह फैली। कुछ युवाओं व विवि के सुरक्षा कर्मियों ने एक युवक को ड्रोन उड़ाते अपनी आंखों से देखा। इसके चलते मामला विवि के चीफ सिक्योरिटी आफिसर तक पहुंचा। सीएसओ ने युवक को पकड़ा और विवि के एक अधिकारी के पास ले गए। दोपहर करीब दो बजे पकड़े इस युवक को करीब छह घंटे तक कैंपस में बैठाए रखा गया। इस दौरान जांच के नाम पर हाई वोल्टेज ड्रामा चलाया। उसके परिजनों को बुलाया गया। कुछ फोन घनघनाए और रात करीब आठ बजे युवक को छोड़ दिया गया।
उपायुक्त ने लगाई थी ड्रोन उड़ाने पर धारा 144
एमडीयू कैंपस में अगस्त महीने में लगातार ड्रोन उड़ने के मामले सामने आए। हॉस्टल की छात्राओं ने शिकायत की तो उपायुक्त ने भी धारा 144 लागू कर दी थी। इसके तहत जिले में ड्रोन या ड्रोन सरीखी कोई भी संदिग्ध वस्तु उड़ाने पर प्रतिबंध लगा दिया गया था। इसके बावजूद कैंपस में वीरवार को ड्रोन उड़ता नजर आया। यह अपने आपमें व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़े कर रहा है।
हॉस्टल से बाहर आई छात्राएं, वापस लौटाया
कैंपस में ड्रोन की सूचना देर शाम छात्राओं तक भी पहुंची। इसके बाद कुछ छात्राएं अपने हॉस्टल से बाहर आई। ये वीसी कार्यालय भी पहुंची। यहां इन्हें समझा कर वापस गर्ल्स हास्टल भेज दिया गया। छात्र - छात्राओं ने ड्रोन मामले को लेकर आपत्ति जताते हुए पकड़े गए युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी की, मगर सुनवाई नहीं हुई। छात्र-छात्राओं का आरोप है कि आरोपी विश्वविद्यालय परिवार के एक व्यक्ति का जानकार है। इसलिए उसे छोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उसके खिलाफ उचित कार्रवाई नहीं की गई तो विश्वविद्यालय में बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
कैंपस के एक युवक हवा में कुछ उड़ाता नजर आया था। गार्डों ने इसकी जानकारी मुझे दी थी। इसके चलते मौके पर पहुंच कर युवक को पकड़ा। उसके पास से छोटा ड्रोन मिला। यह खिलौना था। सुरक्षा के लिहाज से उसके खिलाफ पुलिस को शिकायत दे दी है।
- बलराज उर्फ बल्लू, सीएसओ, एमडीयू
एमडीयू के मुख्य सुरक्षा अधिकारी ने लिखित शिकायत है। शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी कैमरे खंगाले जाएंगे। जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कार्रवाई होगी। अभी यह कहना है कि जल्दबाजी होगी कि युवक पहली बार विवि में आया है या पुराने मामलों से कोई संबंध है।
- नायब सिंह, पीजीआई थाना प्रभारी।