बहादुरगढ़। लाइनपार क्षेत्र में एक युवक के साथ मारपीट व धमकी देने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक पर चाकूनुमा चीज से गले पर वार किया गया। घायल को इलाज के लिए नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से उसे पीजीआईएमएस रोहतक रेफर कर दिया। शिकायतकर्ता खिड़वाली निवासी विक्की ने बताया कि वह लाइनपार क्षेत्र के नेताजी नगर में रहता है और दिहाड़ी करता है। कई दिन पहले एक युवक के साथ कहासुनी हुई थी। युवक ने उसे देख लेने की धमकी दी थी। 17 अप्रैल की रात करीब 11 बजे वह अपने कमरे पर था तो युवक ने आवाज लगाकर कहा कि गेट खोलो तेरे से जरूरी बात करनी है। उसने दरवाजा खोला तो युवक के साथ कई अन्य लोग भी थे। कमरे में आते ही उन्होंने गालियां देनी शुरू कर दी है। जब उसने एतराज किया तो उसे पकड़ लिया और युवक ने अपने हाथ में ली हुई चाकूनुमा चीज से मेरे गले पर वार कर दिया। उसने शोर मचाया तो उसकी पत्नी छुड़ाने लगी तो उसे भी धक्के मारे। आरोप है कि युवकों ने जाते-जाते कहा कि आज तो बच गया। मौका मिला तो तुझे जाने से मारेंगे। उसे इलाज के लिए नागरिक अस्पताल में लाया गया। जहां चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे पीजीआईएमएस रोहतक रेफर कर दिया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।