राजीव गांधी खेल परिसर में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का दीप जला कर उद्धाटन करते शहरी स्थानीय निकाय म
- फोटो : RohtakCity
रोहतक। आठवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर मंगलवार को राजीव गांधी खेल परिसर में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंचे शहरी स्थानीय निकाय मंत्री डॉ. कमल गुप्ता ने दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा विशिष्ट अतिथि रहे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मैसूर में आयोजित कार्यक्रम में दिए भाषण का सीधा प्रसारण वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से कार्यक्रम में लोगों तक पहुंचाया गया। कार्यक्रम में पहुंचे सभी अधिकारियों व छात्रों ने प्रोटोकाल के हिसाब से योगासन व प्राणायाम का अभ्यास किया। योग साधकों को संकल्प भी दिलवाया गया।
प्रदेश के शहरी स्थानीय निकाय मंत्री डॉ. कमल गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से देश की प्राचीन संस्कृति योग को विश्व के 170 से अधिक देशों में मान्यता मिली है। योग से मानसिक व शारीरिक व्याधियां कम हो जाती हैं। हमें योग को जीवन में अपनाना चाहिए। राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा ने कहा कि योग करने से मानसिक व शारीरिक कष्ट दूर होते हैं तथा मन व शरीर स्वस्थ रहते हैं। डॉ. कमल गुप्ता ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में योग शिविरों में प्रशिक्षण देने वाले दर्या आर्य, जगबीर आर्य, अनिल हुड्डा, अमरपाल को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उपायुक्त कैप्टन मनोज कुमार ने समारोह के मुख्य अतिथि एवं प्रदेश के शहरी स्थानीय निकाय मंत्री डॉ. कमल गुप्ता को स्मृति चिह्न भेंट किया। अतिरिक्त उपायुक्त महेंद्रपाल ने समारोह के विशिष्ट अतिथि व राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा को स्मृति चिह्न भेंट किया। इस मौके पर उपायुक्त कैप्टन मनोज कुमार, नगर निगम के आयुक्त डॉ. नरहरि सिंह बांगड़, पुलिस अधीक्षक उदय सिंह मीना आदि मौजूद रहे।