छोटूराम जयंती समारोह में संबोधित करते यशपाल मलिक।
- फोटो : अमर उजाला
दिग्गज जाट नेता नहीं पहुंचे, ना ही उम्मीद के मुताबिक भीड़ उमड़ी
2006 से प्रदेश में जाट समाज को आरक्षण दिलवाने के लिए आंदोलन चल रहा था। 2014 में आरक्षण मिल भी गया था, लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने आरक्षण देने के सरकार के फैसले पर रोक लगा दी थी। केंद्र व राज्य में 2014 में कांग्रेस की जगह भाजपा सत्ता में आई। प्रदेश के अंदर 2016 में जाट आरक्षण आंदोलन हिंसक हो गया। खासकर रोहतक, सोनीपत व झज्जर जिले में ज्यादा हिंसा हुई।
हालांकि जींद, कैथल, भिवानी व हिसार में भी घटनाएं हुईं। उसके बाद यूपी से आए जाट नेता यशपाल मलिक ने जाट आरक्षण संघर्ष समिति का गठन किया। साथ ही छोटूराम धाम, जसिया का गठन किया। संघर्ष समिति व छोटूराम धाम की तरफ से 10 दिसंबर को छोटूराम जयंती मनाने का लिर्णय लिया था।
युवाओं को नशा से दूर रहने की सलाह देने के बाद योग का प्रदर्शन करते मेजर जनरल रंजीत सिंह । अमर उजाला
दो दिन पहले जसिया के ग्रामीणों ने यशपाल मलिक को चेतावनी दी कि वे जसिया न आएं। हालांकि शुक्रवार को दोनों पक्षों में सहमति बन गई और यशपाल मलिक का विरोध न करने का निर्णय लिया था। शनिवार को हुए कार्यक्रम में दिग्गज जाट नेता नहीं पहुंचे। ना ही उम्मीद के मुताबिक भीड़ उमड़ी।
जसिया में भावुक हुए यशपाल मलिक, बोले -साजिश के तहत मुझे गालियां दी जा रही, समय आने पर दूंगा जवाब
जाट आरक्षण आंदोलन को लेकर सक्रिय रहे यूपी के जाट नेता यशपाल मलिक शनिवार को जसिया में भावुक हो गए। मीडिया के सामने खुलकर अपने दिल का दर्द यूं बयां किया।
सवाल : आपका जसिया में ही विरोध किया गया। ऐसा क्यों।
जवाब : इसके पीछे राजनीतिक साजिश है। मंच पर ही मेरे खिलाफ खींचतान होती है। समय आने पर जवाब दूंगा।
सवाल : 2017 से 2022 तक आपको जाट आरक्षण आंदोलन में किस नेता का साथ मिला।
जवाब : किसी नेता ने खुलकर साथ दिया तो कोई टांग खींचता रहा। लोकसभा व विधानसभा चुनाव से ठीक पहले इसका खुलासा करूंगा। फिर जाट समाज खुद निर्णय करे।
सवाल : क्या आप अब जसिया नहीं आएंगे।
जवाब : मैंने राष्ट्रीय जाट आरक्षण संघर्ष समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष व जाट सेवा संघ के चेयरमैन के पद से इस्तीफा दिया है। जाट समाज से आम आंदोलनकारी की तरह ही जुड़ा रहूंगा। समाज जब बुलाएंगा आऊंगा।
सवाल : जाट आरक्षण आंदोलन क्यों कामयाब नहीं हो सका।
जवाब : 2006 से आंदोलन चल रहा था। 2014 में आरक्षण भी मिल गया था। फिर सुप्रीम कोर्ट का निर्णय आ गया। आंदोलन बातचीत से चलता है। लठ से नहीं। 2016 में रोहतक, सोनीपत व झज्जर में जमकर हिंसा हुई। इसलिए आंदोलन कमजोर हो गया।
सवाल : आरोप है जाट आरक्षण आंदोलन के दौरान दर्ज सभी केस वापस नहीं हुए। युवाओं की सहायता नहीं की जा रही है।
जवाब : ज्यादातर केसों को वापस लेने की सहमति बन गई थी, लेकिन हाईकोर्ट ने स्टे लगा दी। अब भी प्रयास जारी हैं।
सवाल : जाट समाज को आरक्षण कैसे मिलेगा।
जवाब : अपना हक जाट समाज बातचीत के माध्यम से ही ले सकता है। डंडे के जोर पर कभी हक नहीं मिलता। 2016 की हिंसा के बाद केस वापस करवाना पहला व आरक्षण हासिल करने का मुद्दा पीछे चला गया।
सवाल : जसिया में शनिवार हुए सम्मेलन में न तो कोई बड़ा जाट नेता आया और न ही भीड़ जुट सकी।
जवाब : नेताओं का आना न आना उनकी मर्जी पर निर्भर है। इतना जरूर कहूंगा जो विरोध की बात सामने आई, उसका असर जरूर पड़ा।
पत्रिका का विमोचन करते दिल्ली के विधायक विरेन्द्र कादायान। साथ में यशपाल मलिक। अमर उजाला
ये पहुंचे छोटूराम जयंती पर जसिया
जम्मू-कश्मीर से एनसीपी के पूर्व विधायक रहीम डार, आप के दिल्ली कैंट से विधायक वीरेंद्र कादियान, सिरसा व जींद विवि के पूर्व वीसी मेजर रणजीत सिंह, गन्नौर से कर्मबीर राठी, गोहाना से बलजीत मलिक, पानीपत से ईश्वर जागलान, हिसार के पेटवाड़ से एनसीपी नेता सोनिया दूहन, यूपी के आगरा से प्रोफेसर दुर्ग पाल, मथुरा से वीरपाल व भाकियू के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मांगेराम त्यागी सहित अन्य लोग भी पहुंचे। इसके अलावा सोनीपत से प्रताप दहिया, गोहाना से आजाद लठवाल, हिसार से गंगाराम श्योराण, मोहाली से वेदपाल, रणधीर सिंह एडवोकेट, शाहबाद से कुलदीप सिंह ढींढसा, कुरुक्षेत्र बलदेव राठी भी पहुंचे। इसके अलावा सुदीप कलकल, मनोज दूहन, सोमबीर जसिया, धर्मेंद्र हुड्डा व गौरव बुधवार भी छोटूराम जयंती में पहुंचे।