रोहतक। शहर की सुरक्षा के मद्देनजर शुक्रवार को महिला पुलिस ने एसपी के निर्देश पर सिविल कपड़ों में शहर के सभी विश्वविद्यालयों व पार्काें में गश्त कर महिला सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। वहीं मनचलों को भी हद में रहने की सलाह दी।
जिला पुलिस की ओर से सेफ सिटी अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक हिमांशु गर्ग के दिशा-निर्देश पर प्रभारी थाना महिला निरीक्षक प्रोमिला के नेतृत्व में सिविल कपड़ों में गश्त की जा रही है।
महिला थाना स्टाफ ने मानसरोवर पार्क, राजकीय महिला कॉलेज, महारानी किशोरी कॉलेज, जाट कॉलेज, नेकराम कॉलेज, एमडी यूनिवर्सिटी, हुड्डा सिटी पार्क, बस स्टैंड, आईएमटी, महाबीर पार्क व अन्य स्थानों पर सिविल कपड़ों मे पैदल गश्त किया। गश्त के दौरान कॉलेज, यूनिवर्सिटी, पार्कों व अन्य सार्वजनिक स्थानों पर घूम रहे मनचलों को काबू कर उनके साथ सख्ती से पूछताछ की गई। युवकों को चेतावनी देकर मौके पर ही छोड़ गया। इस दौरान महिलाओं व युवतियों को हेल्पलाइन नंबर 1091 व 112 और इंडिया एप के बारे में जागरूक किया गया।