रोहतक। बलियाना गांव में किराये पर रहने वाली 32 वर्षीय मोनिका ने दम तोड़ दिया है। गोली लगने के 11 घंटे बाद वीरवार देर रात उसकी मौत हो गई। आईएमटी थाना पुलिस ने मृतका के भाई पिलाना निवासी अतुल की शिकायत पर उसके जीजा के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया था, जो अब हत्या में बदल गया है। जांच अधिकारी ने बताया कि आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही हैं, जल्द उसे काबू किया जाएगा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया है।
पिलाना के अतुल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वे दो बहन-भाई हैं। उसकी बड़ी बहन मोनिका की शादी 2010 में झज्जर के गांव कोंदरा निवासी विनोद के साथ हुई थी। उसके दो बच्चे हैं, इसमें बेटी नंदनी व बेटा डेविड है। मोनिका के साथ पति विनोद, जेठ प्रदीप व देवर सोनू झगड़ा करते थे। इस कारण मोनिका दोनों बच्चाें के साथ किराये पर बलियाना रहने लगी। वहीं पर प्राइवेट स्कूल में नौकरी करती थी। वीरवार को उसे सूचना मिली कि मोनिका के सिर में गोली मारी गई है, गंभीर हालत में उसे पीजीआई में दाखिल कराया है। वह पीजीआई पहुंचा, जहां उसकी बहन दाखिल मिली। उसे पता चला कि मोनिका को उसके पति विनोद ने गोली मारी है। इस वारदात में विनोद के अलावा और अन्य व्यक्ति भी शामिल हो सकते हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया था, लेकिन वीरवार देर रात मोनिका की मौत हो गई। ऐसे में पुलिस अब केस में हत्या की धारा जोड़ी गई है।
मोनिका की रात 12 बजे के बाद मौत हो गई। उसका शव पोस्टमार्टम के बाद उसके भाई के हवाले कर दिया है। अब केस में हत्या की धारा जोड़ी गई है। आरोपी वारदात के बाद से फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
एएसआई संदीप कुमार, प्रभारी थाना आईएमटी