शहर के नामदेव चौक से लिफ्ट लेकर एक महिला व युवक हरिसिंह कॉलोनी के युवक जितेंद्र की कार छीनकर ले गए। इस संबंध में शिवाजी कॉलोनी थाने में केस दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक जितेंद्र कुमार ने बताया कि वह डीटीसी में नौकरी करता है। 15 अगस्त की रात को करीब 12 बजे जेल रोड स्थित नामदेव चौक पर आया था। वहां पर गणेश कॉलोनी निवासी दीपक एक महिला के साथ मिला। दोनों ने कहा कि उनको भिवानी रोड पर विश्वकर्मा चौक तक छोड़ दे। उसने दोनों को गाड़ी में बैठा लिया और विश्वकर्मा चौक पर पहुंचा। चौक पर गाड़ी खड़ी करके वह पानी लेने के लिए नीचे उतरने लगा। तभी दीपक व महिला ने जबरन कार की चाबी व मोबाइल फोन छीन लिया। इसके बाद दोनों कार लेकर फरार हो गए। मामले की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर बलवंत सिंह ने बताया कि आरोपियों के घर दबिश दी गई है, लेकिन आरोपी नहीं मिले।