रोहतक। जसबीर कॉलोनी के 72 वर्षीय बुजुर्ग का डेबिट कार्ड बदलकर छह माह में 6.85 लाख रुपये निकाल लिए गए। बुजुर्ग का कहना है कि मोबाइल में मैसेज तो आए, लेकिन उम्र ज्यादा होने के कारण वह समझ नहीं सका। इस संबंध में सिविल लाइन थाने में केस दर्ज किया गया है।
सिविल लाइन थाने में दी शिकायत में राजेन्द्र सिंह ने बताया कि उसका सेक्टर 3 स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) में बचत खाता है। 15 फरवरी 2024 को वह बैंक में खाते की पासबुक अपडेट कराने गया। वहां पता चला कि 4 जुलाई 2023 से 4 नवंबर 2023 तक उसके खाते से किसी ने डेबिट कार्ड के माध्यम से 6.85 लाख रुपये निकाल लिए। बुजुर्ग ने बताया कि उसने आखिरी बार 4 जुलाई 2023 को शीला सिनेमा के सामने से एक्सिस बैंक के एटीएम से नकदी निकाली थी। वहां पर ड्यूटी पर मौजूद गार्ड से पैसे निकालने के लिए मदद मांगी थी। उसने 10 हजार रुपये निकाल कर दे दिए। उसे याद नहीं बाद पता नहीं गार्ड ने डेबिट कार्ड लौटाया या नहीं। इतना ही नहीं, उसे पैसे निकालने के मैसेज तो आए हैं, लेकिन वह पांचवीं पास होने के कारण अंग्रेजी नहीं पढ़ सका।