रोहतक शहर की तेज कॉलोनी में छह माह पहले साथ लगती गली की लड़की से प्रेम विवाह करने वाले 29 वर्षीय गौरव उर्फ गौरू को उसकी पत्नी के दो भाइयों ने पेट्रोल डालकर जिंदा जला दिया। गंभीर हालत में उसे पीजीआई में दाखिल कराया गया है। पुलिस ने महिला सहित चार लोगों के खिलाफ हत्या की कोशिश सहित दूसरी धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक गौरव ने बयान दिया है कि दूर संचार कंपनी में नौकरी करता है। मई 2022 को उसने कॉलोनी में ही साथ लगती गली की लड़की से प्रेम विवाह किया था। पत्नी के घर वालों से कोई विवाद न हो, इस कारण वह किला मोहल्ले में किराये पर रहने लगा। अब बड़े बाजार में मकान ले रखा है। शनिवार को उसकी पत्नी बाजार में खरीदारी करने गई थी, जहां उसकी पत्नी की दो सहेली व उसकी मां मिल गई।
आरोप है कि जब उसकी पत्नी अपनी सहेलियों से बात कर रही थी, तब उनकी मां ने भला-बुरा कहना शुरू कर दिया। उसकी पत्नी से यह बर्दाश्त नहीं हुआ और वह रोने लगी। साथ ही घर आकर पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया। उसने पत्नी की सहेली के भाई को फोन किया। कहा कि अपनी मां को समझा देना।
उसकी पत्नी से ऐसा व्यवहार न करे। इस बार आरोपी उसे उकसाने लगा कि तेज कॉलोनी में आकर दिखा। वह अपने दोस्त दीपक उर्फ दीपू के साथ तेज कॉलोनी में गया। वहां सहेली के भाई से बात हुई, लेकिन वह नहीं आया। शाम चार बजे गौरव तेज कॉलोनी स्थित अपने घर आया।
वह अपनी मां को कह रहा था कि आरोपियों को समझा देना कि उसकी पत्नी से ऐसा व्यवहार न करें। इसी बीच उसकी पत्नी का बड़ा भाई दीपक आया, जो अपने हाथ में बाल्टी के अंदर पेट्रोल या कैरोसिन डाले हुए थे। आते ही उसने उस पर बाल्टी उड़ेल दी। दूसरे भाई विक्रम ने उसे आग लगा दी।
वह जलता हुआ गली में भागने लगा। उसकी मां मंजू बुझाने लगी तो उसके हाथ व पैर भी जल गए। उसके दोस्त दीपक व रविंद्र ने पीजीआई में दाखिल कराया। मामले की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और एफएसएल की टीम से जांच करवाई।
इसके बाद पीजीआई पहुंचकर इलाका मजिस्ट्रेट ने बयान दर्ज किए। बयानों के बाद देर रात सब्जी मंडी थाना पुलिस ने गौरव के साले दीपक, विक्रम और महिला अपसाना और उसके लड़के टीपू के खिलाफ हत्या की कोशिश का मामला दर्ज कर लिया।
झुलसे गौरव के बयान पर उसके साले विक्रम, दीपक सहित चार के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापे मार कार्रवाई कर रहे हैं। अभी कोई काबू नहीं आया है।
- एसआई कश्मीर सिंह, प्रभारी पुरानी सब्जी मंडी थाना