पुरानी आईटीआई ग्राउंड में सफाई का निरीक्षण करने पहुंचे मंत्री अनूप। संवाद
रोहतक। राज्य मंत्री अनूप धानक वीरवार को अचानक रोहतक पहुंचे और नगर निगम एरिया में सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। साथ ही गोहाना रोड पर टीबी अस्पताल के सामने बार-बार ओवरफ्लो हो रहे नाले पर जवाब मांगा। अधिकारियों ने कहा कि नाले नए सिरे से बनाया जाएगा, इसका टेंडर हो गया है।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने शहरों में सफाई व्यवस्था को लेकर कड़ा संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री उड़नदस्ते ने भी एक सप्ताह पहले शहरों में दबिश देकर सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया था। अब वीरवार को राज्यमंत्री अनूप धानक दादरी से आते समय रोहतक पहुंचे और निगम अधिकारियों को तलब किया। मंत्री ने खुद भिवानी चुंगी, पुराना बस स्टैंड, गढ़ी मोहल्ला, पुरानी आईटीआई, केंद्रीय विद्यालय, राजीव गांधी स्टेडियम, कन्हेली रोड, नेहरू कॉलोनी, झंग कॉलोनी व गोहाना रोड पर टीबी अस्पताल के पास सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। टीबी अस्पताल के पास दुकानदारों ने शिकायत की कि नाले में बार-बार गंदगी भर जाती है। इससे नाला ओवरफ्लो हो जाता है। दूर तक गंदा पानी सड़क पर जमा रहता है। मंत्री ने निगम के मुख्य सफाई निरीक्षक सुंदर सिंह, हर्ष चावला व दूसरे अधिकारियों से जवाब मांगा। अधिकारियों ने कहा कि नाले को नए सिरे से बनाया जाएगा। इसके लिए टेंडर हो चुका है।
बाक्स
12 दिन में निकला 3 हजार टन कचरा
निगम के अधिकारियों ने मंत्री को बताया कि एक से 12 दिसंबर तक शहर में विशेष अभियान चलाया गया। करीब एक हजार ट्रैलियों के माध्यम से 3 हजार टन के करीब कचरा शहर से निकाल कर भिवानी रोड स्थित प्लांट पर डाला गया।