संवाद न्यूज एजेंसी
रोहतक। गौड़ ब्राह्मण डिग्री कॉलेज में महाविद्यालय के रोड सेफ्टी क्लब के अंतर्गत सोमवार को कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम सड़क सुरक्षा महीना के तहत विद्यार्थियों में जागरूकता लेकर आने के लिए किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज प्राचार्य डॉ. जयपाल शर्मा ने की। उन्होंने कहा शिक्षा का महत्व हमारा संपूर्ण विकास करना होता है। हम सबको यातायात से संबंधित जानकारी व कानून के प्रति जागरूक रहना चाहिए। इस कार्यक्रम का उद्देश्य भी सड़क सुरक्षा से संबंधित जागरूकता का है। मंच संचालन डॉ. कपिल कौशिक ने किया।
कार्यक्रम में मुख्यवक्ता आईडीटीआर से प्रवीन व जोगेंद्र रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को जागरूक करते हुए कहा कि एक सर्वे के अनुसार 2021-2022 में लगभग एक लाख दुर्घटना ओवरस्पीड के कारण हुई। इसलिए हमें गाड़ी चलाते समय सीट बेल्ट का प्रयोग करना चाहिए क्योंकि सीट बेल्ट बांधने से 50 फीसदी तक वाहन चालक की मौत को रोक सकते हैं। कहा कि बिना हेलमेट पहने अगर हादसा होता है तो 70 फीसदी लोगों की मौत हो जाती है। उन्होंने बताया कि 16 वर्ष की उम्र के बाद बिना लाइसेंस इलेक्ट्रिक वाहन अधिकतम 35 की स्पीड तक चलाने का प्रावधान है। हाईवे पर आपातकालीन में 1073 या 1033 पर कॉल करने की सुविधा उपलब्ध है। कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय के रोड सेफ्टी क्लब की इंचार्ज डॉ. मंजू शर्मा ने सभी का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर डॉ. अंजू शर्मा, डॉ. मनीषा कौशिक, डॉ. कपिल कौशिक, डॉ. मंजू नांदल, रेणु, सोनिया शर्मा आदि मौजूद रहे।