माई सिटी रिपोर्टर
रोहतक। जलसंकट का दौर जारी है। शहर के ज्यादातर मोहल्लों में या तो पानी नहीं आ रहा है या एक समय पानी मुश्किल से आ रहा है, वह भी कुछ मिनटों के लिए। इस बार जेएलएन (जवाहर लाल नेहरू) नहर की देरी के कारण जलघर सूखने के कगार पर है, हालांकि जनस्वास्थ्य विभाग का दावा है कि जेएलएन आने तक जो सप्लाई दी जा रही है, वह जारी रहेगी।
विभाग की ओर से उपभोक्ताओं की समस्याओं के निराकरण के लिए प्रत्येक बूस्टिंग स्टेशन पर शिविर लगाया जा रहा है। इसको लेकर विभाग की ओर से तीसरा शिविर सेकेंड वाटर वर्क्स पॉकेट-1 पर लगाया गया, लेकिन गर्मी के कारण शिविर में कम ही लोग शिकायत लेकर पहुंचे। बुधवार को करीब 10 शिकायतें आईं, जो कम प्रेशर में एक ही टाइम कुछ मिनटों तक ही सप्लाई आने की थी।
गत दिवस भी जिन बूस्टिंग स्टेशन पर कैंप लगाए थे, वहां की समस्या आज भी जस की तस बनी हुई है। चाहे वह गोहाना अड्डा स्थित बूस्टिंग स्टेशन हो या सर छोटूराम बूस्टिंग स्टेशन।
इन कॉलोनियों की सुनीं समस्याएं
बुधवार को सेकेंड वाटर वर्क्स पॉकेट-1 पर शिविर लगाकर शीतल नगर, फौजी कॉलोनी, विजय नगर, आनंद नगर, अजीत कॉलोनी, श्रीराम नगर, न्यू विजय नगर कॉलोनी की समस्याएं सुनी गईं।
दूषित जल की समस्या का नहीं हो रहा हल
सलारा मोहल्ला, गढ़ी मोहल्ला, पाड़ा मोहल्ला व कुआं मोहल्ला में अब भी दूषित जल आ रहा है। समस्या के समाधान के लिए गोहाना अड्डा बूस्टिंग स्टेशन पर शिविर लगाया था। इसके बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। आज भी इन मोहल्लों के लोग दूर दराज से पानी ढोने को मजबूर हैं।
उपभोक्ताओं की ज्यादातर समस्या पानी कम व कम समय और एक समय आने की है। सभी समस्याओं को गंभीरता से लेकर टोटी व पाइप की गुणवत्ता की जांच की गई। लोगों यहां जागरूक भी किया गया।
- मयंक भारद्वाज, जेई, पब्लिक हेल्थ
दूषित जल की हमारे पास कोई शिकायत नहीं है। अगर कोई शिकायत आती है तो उसका तत्काल समाधान कराया जाएगा। नहर आने के बाद दो टाइम पानी की आपूर्ति सुचारु कर दी जाएगी। 16 तक नहर आने की संभावना है।
- आरके शर्मा, अधीक्षण अभियंता, पब्लिक हेल्थ