फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सीवर ओवरफ्लो से गलियों में जमा पानी, दो साल से जूझ रहे 14 कॉलोनियों के लोग

विज्ञापन
सैनिक कॉलोनी में सड़क पर भरे सीवर के पानी से गुजरते बच्चे। अमर उजाला
विज्ञापन
रोहतक। शहर की 14 से अधिक कॉलोनियों में दो साल से सीवर ओवरफ्लो हैं। गलियों में गंदा पानी जमा है। यहां रह रहे हजारों नागरिक इस समस्या से प्रभावित हैं। लोगों को मच्छर जनित बीमारियों के फैलने का डर सता रहा। शिकायत करने पर भी समाधान नहीं हो रहा है। स्थिति यह है कि इन कॉलोनियों से लोग पलायन करने लगे हैं। यही नहीं विभाग की शिकायत गृह मंत्री अनिल विज को भी की जा चुकी है, लेकिन समाधान नहीं हो पा रहा है।
विज्ञापन

सीवर जाम समस्या से परेशान लोग नगर निगम, जन स्वास्थ्य विभाग, उपायुक्त कार्यालय, मेयर, पार्षद, मंत्रियों, नेताओं से शिकायत कर चुके हैं। समाधान करने की बजाय संबंधित विभाग इस समस्या पर चुप्पी साधे हुए हैं। उत्तम विहार की मुख्य गली में करीब तीन साल पहले नई सीवर लाइन बिछाकर लोगों को समस्या का निदान करने का सपना दिखाया गया। लेकिन अब भी स्थिति जस की तस है। बदबू इतनी है कि सांस लेना मुश्किल है। कॉलोनियों के लोगों का कहना है कि स्थिति ऐसी ही बनी रही तो मजबूरी में पलायन करना पड़ेगा। कुछ परिवार तो दूसरी कॉलोनियों में किराये पर रहने लगे हैं। उत्तम विहार, विशाल नगर, आजादगढ़, हरकी देवी कॉलोनी, बसंत विहार, जसवीर कॉलोनी, सैनिक कॉलोनी, शास्त्री नगर, शिव नगर, जेपी कालोनी में लंबे समय यह समस्या चल रही है।
लोग बोले-सभी जगह कर चुके शिकायत, नहीं हो रहा समाधान
उत्तम विहार की गलियों में सीवर ओवरफ्लो होने से गंदा पानी हर वक्त जमा रहता है। गंदा पानी खाली प्लाटों में भी जमा होता है। इस कारण मच्छर पनप रहे हैं, जिससे बीमारी फैलने का डर बना है। प्रशासन से गंदा पानी निकालने और क्षेत्र में फॉगिंग करने के लिए बार बार मांग कर चुके हैं। कोई सुनवाई नहीं हो रही।
विज्ञापन

- विजेंद्र नांदल
सैनिक कॉलोनी की गलियों में सीवर का गंदा पानी जमा है। पानी घरों में भी घुस रहा है। बच्चों को स्कूल जाने में भी परेशानी हो रही है। गंदे पानी की वजह से उनकी ड्रेस खराब हो जाती है। इस कारण बच्चे कई बार स्कूल नहीं जा पाते।
- राजपाल उर्फ पालू
लंबे समय से सीवर ओवरफ्लो हो रहे हैं। अव्यवस्था के कारण जीवन अस्त व्यस्त हो गया। सैनिक कॉलोनी में रहना नरक में जीने समान हो गया था। समाधान न होने की संभावना के चलते दूसरी कॉलोनी में किराये पर मकान लेकर रहने लगे। मेरे जैसे और भी कई परिवार हैं जो निकट भविष्य में यहां से पलायन करेंगे।
- शमशेर सिंह
सीवरों की समस्या को लेकर जन स्वास्थ्य विभाग, नगर निगम, उपायुक्त, नेता, मंत्री सभी को अवगत करवा चुके हैं। कोई संज्ञान नहीं ले रहा। समस्या को झेलते हुए दो साल से ज्यादा समय गुजर चुका है ।
- सूबेदार जयबीर सिंह
बॉक्स
मुख्य लाइनों की नहीं होती सफाई
वार्ड की उत्तम विहार, विशाल नगर, आजादगढ़, हरकी देवी कॉलोनी, बसंत विहार, जसवीर कॉलोनी व अन्य क्षेत्र में लंबे समय से सीवर ओवरफ्लो होने से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। समस्या की शिकायत जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के पास करते हैं तो कोई सुनवाई नहीं होती। समस्या का मुख्य कारण मुख्य लाइनों की सफाई न होना है। पिछले करीब दो साल से मुख्य लाइनों की साफ नहीं की गई है।
विज्ञापन

- सुनील कुमार उर्फ सोनू पावरिया, पार्षद, वार्ड 8
..........
वर्जन -
सीवरों की सफाई के लिए मशीनें लगा रखी हैं। बार-बार सीवर ओवरफ्लो होने के कारणों और स्थायी समाधान कैसे किया जाए इसके बारे में मुझे नहीं पता है।
- राजीव गुप्ता, एसई, जन स्वास्थ्य विभाग
--------------------
वर्जन
शहर के कई हिस्सों में सीवर ओवरफ्लो होने की समस्या आम है। जन स्वास्थ्य विभाग स्थायी समाधान कराने की बजाय खानापूर्ति करता है।
- मनमोहन गोयल, मेयर
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें