-फोटो 61 : प्लाटों में जमा हो रहा नाले का गंदा पानी।
बहादुरगढ़। शहर के बालोर रोड पर स्थित नाले की सफाई न होने के कारण गंदगी से अटा पड़ा है। इससे गंदा पानी साथ लगते प्लॉटों में जमा हो रहा है। नगर परिषद द्वारा नाले के पानी निकासी का कनेक्शन जनस्वास्थ्य विभाग की सीवरेज लाइन में जोड़ा हुआ था, इससे लगातार पानी की निकासी होती थी। अब सीवर का गंदा पानी भी ओवरफ्लो होकर सड़कों पर बहना शुरू हो गया है।
वार्ड नंबर-13 के पार्षद मोहित राठी ने बताया कि नालों की सफाई को लेकर वह कई बार नगर परिषद में लिखित व मौखिक तौर पर मांग कर चुके हैं, मगर समस्या का समाधान नहीं हुआ। अब बरसात के मौसम में यह समस्या दिनोंदिन विकराल होती जा रही है। नगर परिषद इस नाले की सफाई नहीं करा रही है। आसपास की कॉलोनीवासी संजय मलिक, सतबीर दलाल, ओमप्रकाश गिल, महेंद्र सिंधु, हवा सिंह सहवाग, प्रदीप तहलान, मंजीत, कालू, डॉ. दहिया, महेंद्र डांगी, सतपाल सैनी, सचिन सैनी, कृष्ण पहलवान का कहना है कि नगर परिषद नाले की सफाई की ओर कोई ध्यान नहीं दे रही है, जबकि नाले गंदगी से अटे पड़े हैं, इसकी निकासी न होने के कारण गंदा पानी आसपास के खाली प्लॉटों में जमा हो रहा है और आवागमन की समस्या के साथ बीमारियां भी फैला रहा है। बरसात के मौसम में जलभराव की समस्या बढ़ती जा रही है। कॉलोनीवासियों ने नगर परिषद से मांग करते हुए कहा कि जल्द से जल्द गंदगी से अटे पड़े नालों की सफाई करवाई जाए, ताकि लोगों को जलभराव की समस्या से निजात मिल सके।