संवाद न्यूज एजेंसी
रोहतक। पांच लाख की आबादी वाले रोहतक शहर का होली पर पेयजल संकट समाप्त हो गया है। मंगलवार शाम को जवाहर लाल नेहरू नहर में दो हजार क्यूसिक पानी आ गया है। जिससे सभी ने राहत की सांस ली है। बुधवार को फाग पर लोगों को दोनों समय पानी मिलेगा। पिछले दो सप्ताह से जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग अपने उपभोक्ताओं को एक समय भी पानी नहीं दे पा रहा था। गत तीन दिनों की पेयजल सप्लाई भालौट सब ब्रांच में छोड़े गए 250 क्यूसिक पानी के भरोसे रही। हालांकि, मंगलवार को देर सायं तक शहर के कई इलाकों में पेयजल संकट बना हुआ था।
बुधवार को सुबह से शहर में पेयजल संकट से लोगों को राहत मिलने वाली है। जवाहर लाल नेहरू नहर में पानी आ गया है, इसके चलते दोनों समय पूरा पानी दिया जाएगा। हालांकि आउटर कॉलोनियों व टेल एंड पर जरूरत के हिसाब से अभी भी पहले की तरह ही पानी के टैंकर भेजे जाएंगे। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अनुसार जवाहर लाल नेहरू नहर में तीन मार्च को पानी आना था, लेकिन शैड्यूल बदलने के कारण यह तीन दिन लेट हो गया। इस तीन दिन को लेकर जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के पसीने छूट गए। पहले विभाग ने दो में से एक समय पानी दिया और बाद में इसमें भी कटौती कर सप्लाई का समय 20 मिनट कर दिया गया।
ट्यूबवैल से जलघर के टैंक में पानी भरकर कर रहे थे गुजारा
लोगों को पानी की एक समय सप्लाई देने के लिए जनस्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग जलघर के टैंक में ट्यूबवैल से पानी भर रहा था। साथ ही भालौठ सब ब्रांच से पानी लिफ्ट किया जा रहा था, इससे पानी की पूर्ति हो रही थी। पानी की कमी को दूर करने व बाहरी क्षेत्रों में टैंकर भेजने के लिए ट्यूबवैल के पानी का प्रयोग किया जा रहा था। लेकिन जेएलएन में पानी आने से अब राहत मिल जाएगी।
वार्ड-एक में पिछले करीब 10 दिन से पानी नहीं आ रहा। पीने के पानी के लिए भी दूर दराज से लोग पानी भरकर ला रहे हैं। वार्ड में कोई टैंकर भी नहीं आ रहा, जिससे लोगों के पानी की पूर्ति हो सके। कुछ लोगों ने घर में सबमर्सिबल लगवा रखे हैं, जिन पर पूरा दिन लोग पानी भरते हुए देखे जा सकते हैं। जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारी से बात की तो उन्होंने जवाब दिया कि नहर में पानी नहीं है। जलघर भी सूखे पड़े है। जब नहर आएगी तो पानी भी आ जाएगा।
कृष्ण कुमार सहरावत, पार्षद, वार्ड-एक ।
वार्ड-11 में पानी की सप्लाई में कटौती की गई है। पहले दिन में दोनों समय करीब डेढ़ घंटा पानी मिलता था, लेकिन अब समय आधा किया गया है। लोगों के फोन बार-बार आ रहे है, क्योंकि पानी की कमी के चलते टेल तक पानी नहीं पहुंच रहा। हालांकि टैंकर मंगवाने की नौबत नहीं आई है, लेकिन पानी की कमी को लेकर लोग परेशान हैं।
कदम सिंह अहलावत, पार्षद, वार्ड-11
वार्ड-13 में पानी की सप्लाई एक समय कुछ देर के लिए की जा रही है। जनस्वास्थ्य विभाग के उपमंडल अभियंता से बात हुई तो उन्होंने बताया कि आठ मार्च से दोनों समय पर्याप्त सप्लाई की जाएगी। जेएलएन आठ मार्च सुबह तक पूरा पानी आ जाएगा, जिसके बाद पानी की कमी नहीं रहेगी। फिलहाल वार्ड में पानी की कमी को लेकर लोगों की शिकायत आ रही है। अब उम्मीद है कि होली पर पूरा पानी लोगों को मिल जाएगा।
अशोक खुराना, पूर्व पार्षद, वार्ड-13
जेएलएन में पानी न होने के कारण पानी की समस्या पैदा हुई थी। जनस्वास्थ्य विभाग की तरफ से पहले ही चेतावनी दी गई थी कि पानी का प्रयोग संभलकर करें। एक समय सप्लाई दी जा रही है। जहां पानी नहीं पहुंच रहा, वहां टैंकर भेजे जा रहे हैं। अब पता चला है कि जेएलएन में पानी छोड़ा गया है तो होली पर लोगों को पूरा पानी मिलेगा।
मनमोहन गोयल, मेयर, नगर निगम रोहतक
पूरे शहर में एक समय पानी की सप्लाई दी जा रही है। अभी तक भालौठ सब ब्रांच से पानी को लिफ्ट करके एक समय की सप्लाई की पूर्ति हो रही थी। अब जेएलएन में पानी छोड़ा गया है और सुबह तक जेएलएन में पूरा पानी भर जाएगा। इसके बाद दोनों समय पानी की सप्लाई सुचारू रूप से शुरू कर दी जाएगी। जहां पानी की लाइन नहीं है, वहां पहले की तरह टैंकर भेजकर पानी की पूर्ति की जाती रहेगी।
राजेश रोहिला, उपमंडल अभियंता, जनस्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग
जवाहर लाल नेहरू नहर में 2000 क्यूसिक पानी चल रहा है। नहर में पानी 16 दिन चलेगा। जन स्वास्थ्य विभाग को अपनी पानी की स्टोरेज का इंतजाम करना चाहिए। नहर अपने शैड्यूल से चलती हैं।
- अरूण मुंझाल, कार्यकारी अभियंता, जवाहर लाल नेहरू नहर, सिंचाई विभाग।