विदेशी नंबर से आई व्हाट्सएप कॉल, कहा-सनातन धर्म और रामंदिर का प्रचार कर रही पत्नी को रोक लो, वरना जान से मार देंगे
-पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की
संवाद न्यूज एजेंसी
झज्जर। दी झज्जर केंद्रीय सहकारी बैंक के वरिष्ठ लेखाकार के फोन पर विदेशी नंबर से व्हाट्सएप कर धमकी दिए जाने का मामला सामने आया है। इसकी शिकायत पुलिस को दी गई है। पुलिस ने शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
दी झज्जर केंद्रीय सहकारी बैंक के वरिष्ठ लेखाकार एवं केंद्रीय सहकारी बैंक झज्जर की चेयरपर्सन नीलम अहलावत के पति जोगेंद्र अहलावत ने पुलिस को शिकायत देकर बताया कि 6 मई को सुबह 11 बजकर 26 मिनट पर विदेशी नंबर से मोबाइल पर एक व्हाट्सएप ऑडियो कॉल आई। कॉल करने वाले ने कहा कि आपकी पत्नी भाजपा नेत्री सनातन धर्म और राम मंदिर का प्रचार करती घूम रही है। उसे रोक लो वरना उसे जान से मार देंगे। कॉल करने वाले ने गालियां देकर फोन काट दिया। पुलिस ने इस मामले में शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। शिकायत में जोगेंद्र अहलावत ने बताया कि जिस व्हाट्सएप नंबर से कॉल आया, उसके डीपी पर किसी आईपीएस अधिकारी की फोटो लगी हुई थी। आरोपी से उसे गंदी गालियां दी और धमकी देने के बाद फोन काट दिया। इस मामले में भाजपा के राष्ट्रीय सचिव ओमप्रकाश धनखड़ ने जारी बयान में कहा है कि सनातनी विचारधारा ना धमकी से झुकती और ना ही डरती है। भगवान श्रीराम के बताए सदमार्ग पर आगे बढ़ती रहती है। केंद्रीय सहकारी बैंक झज्जर की चेयरपर्सन भाजपा नेत्री नीलम अहलावत को उनके पति जोगेंद्र अहलावत के मोबाइल पर विदेशी नंबर से मिली जान से मारने की धमकी को किसी भी स्तर पर हलके में नहीं लिया सकता। उन्होंने चुनाव आयोग और पुलिस विभाग से आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग करते हैं।