रोहतक। सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर कलानौर हलके की बूथ कमेटियों की बैठक ली। यहां सांसद ने कार्यकर्ता सम्मेलन में लोगों का आशीर्वाद खाली नहीं जाने व हरियाणा में बदलाव का दावा किया।
उन्होंने कहा कि प्रदेश व देश की नजर रोहतक लोकसभा सीट पर है। वर्ष 2019 के चुनाव में साम, दाम, दंड, भेद का प्रयोग करने वाली बीजेपी के निशाने पर एक बार फिर से दीपेंद्र हुड्डा है। भाजपा ने 10 साल तक कोई काम किया नहीं, इस इलाके को विकास की पटरी से उतार दिया। अब चुनाव के पहले रोहतक में सारी बीजेपी आकर चुनावी दफ्तर खोल रही है। उन्होंने कहा कि अच्छा होता कि भाजपा वाले 10 साल में कोई विकास कार्य करते। रोहतक में आईएमटी, मेट्रो, अस्पताल, बाईपास, लोगों के लिए सम्मान के दरवाजे खोलते। उन्होंने मुख्यमंत्री पर तंज कसा कि पिछले दिनों मुख्यमंत्री गर्व से बोल रहे थे कि हरियाणा में आईआईएम, एम्स-2 बाढ़सा, एफडीडीआई जैसे विश्वस्तरीय संस्थान हैं और वे इनका नाम गिनाकर श्रेय ले रहे थे। मुख्यमंत्री को सच बताना चाहिए कि ये सारे संस्थान दिन-रात मेहनत करके हरियाणा में किसने बनवाए हैं।
इस मौके पर विधायक गीता भुक्कल, विधायक शकुंतला खटक, विधायक कुलदीप वत्स, पूर्व विधायक संत कुमार, चक्रवर्ती शर्मा, प्रो. वीरेंद्र, बलराम दांगी, जयदीप धनखड़, फकीरचंद, बिट्टू हुड्डा, सोनू बुधवार, संजय अत्री, संतलाल समेत कार्यकर्ता मौजूद रहे।