्
रोहतक। सांपला थानाक्षेत्र के एनएच-10 पर एक वाहन ने साइकिल सवार को कुचल दिया। इससे उसकी मौत हो गई। बेटे की शिकायत पर वाहन चालक के खिलाफ लापरवाही का केस दर्ज हुआ है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक के बेटे वीरेंद्रपाल ने बताया कि वह यूपी के बस्ती जिले के मझारी गांव रहने वाले हैं। उनके पिता समयदीन (52) रोहतक के रोहद गांव में रहते थे और पास की ही एक निजी कंपनी में काम करते थे। 20 सितंबर शाम को कंपनी से घर आते समय एक वाहन ने साइकिल को टक्कर मार दी। इससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मारपीट कर तोड़ा पैर
रोहतक। कलानौर थानाक्षेत्र में एक व्यक्ति को युवक तब तक मारते रहे, जब तक वह बेहोश नहीं हो गया। उसकी टांग भी तोड़ दी। पीड़ित ने गांव के युवक को नामजद करते हुए चार-पांच अज्ञात के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज कराया है। गांव बल्लभ निवासी अमित 20 सितंबर को स्कूटी से गांव जा रहा था। माडौदी-बनियानी मार्ग पर पहुंचा तो गांव के तुषार सहित चार-पांच युवकों ने खेत से निकलकर उस पर हमला कर दिया। अमित की तुषार से 10 दिन पहले कहासुनी हो गई थी। आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला कर पैर की हड्डी तोड़ दी।