सब्जी मंडी में एक दुकान में लगी आग से उठती लपटें।
- फोटो : RohtakCity
रोहतक। शहर की नई सब्जी मंडी में शुक्रवार दोपहर एक कोल्ड स्टोर की छत पर रखे बारदाने में संदिग्ध हालात में आग लग गई, जिसमें डेढ़ लाख के प्लास्टिक के कैरेट जलकर राख हो गए। एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। प्लास्टिक में आग लगने से दूर तक जहरीला धुआं उठता दिखाई दिया। फल व्यापारी दिनेश कथूरिया ने बताया कि उसकी नई सब्जी एवं फल मंडी में 59 नंबर दुकान है, जहां नीचे कोल्ड स्टोर बना रखा है। जबकि ऊपर प्लास्टिक के कैरेट व दूसरा बारदाना रखा हुआ था। दोपहर करीब सवा एक बजे वह सब्जी मंडी से डीएलएफ कॉलोनी स्थित घर पर आया। कोल्ड स्टोर में नीचे खाना खा रहे श्रमिकों ने देखा कि छत पर बारदाने के अंदर से धुआं उठ रहा है। तत्काल उन्होंने मामले की सूचना उसे दी। उसने फायर ब्रिगेड को अवगत करवाया। फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंची, लेकिन प्लास्टिक के कैरेट में तेजी से आग फैल गई। एक घंटे की जद्दोजहद के बाद आग पर काबू पाया गया। फल कारोबारी का कहना है कि आगजनी के कारणों का पता नहीं लग रहा है।