रोहतक। राज्य जाॅइंट एक्शन कमेटी रिटायर्ड (सेवानिवृत्त) कर्मचारियों के आह्वान पर कर्मचारी सोमवार से क्रमिक अनशन पर बैठे। जिला प्रधान वीरेंद्र शर्मा ने बताया कि पूर्व घोषणा के अनुसार प्रदेश जाॅइंट एक्शन कमेटी के रिटायर्ड कर्मचारी प्रतिदिन प्रत्येक जिले के कर्मचारी बैनर तले जिला उपायुक्त कार्यालय के बाहर क्रमिक अनशन शुरू हो गया।
लघु सचिवालय के बाहर पहले दिन सोमवार को जिला पेंशनर कर्मचारी धरने पर बैठे। जाॅइंट एक्शन कमेटी रिटायर्ड कर्मचारी हरियाणा संयोजक कुलभूषण शर्मा व सदस्य मेहर सिंह नैन ने धरने पर बैठने वाले पांच जिला पेंशनर कर्मचारी जयकिशन दलाल, देवीसिंह देसवाल, ईश्वर सिंह सैनी, शमशेर सिवाच और धर्मकौर को फूलमाला पहनाकर कर क्रमिक अनशन की शुरुआत की। क्रमिक अनशन पर समर्थन में करीब 100 से अधिक जिला कर्मचारी बैठे। प्रदेश के सभी जिलों से कुछ पेंशन कर्मचारी धरनास्थल पर पहुंचे। प्रदेश की 15 सदस्यीय कमेटी को पेंशनरों ने अपनी मांगों से अवगत कराया। धरने पर पहुंचे रामकरण बल्हारा, प्रेम सिंह बांगड़, सूबे सिंह, अजीत नहरा, भरत सिंह पुनिया, भल्ले राम बूरा, ऋषि देव रोहिल्ला, राजेंद्र सिंह नैन हिसार, जयप्रकाश, करतार सिंह, निर्मल हुड्डा, राजबीर भदाणी, डीएस रेढू, जोरा सिंह जींद, पहल सिंह तंवर व अन्य वक्ताओं ने सरकार से अपील की है कि समय रहते पेंशनर की मांगों को पूरा किया जाए। जब तक मांगें पूरी नहीं होंगी, क्रमिक अनशन जारी रहेगा।
सेवानिवृत्त कर्मचारियों की मुख्य मांगें
65, 70, 75 वर्ष की आयु के बाद क्रमश: 5, 10 व 15 प्रतिशत की बेसिक पेंशन में बढ़ोतरी की जाए। सभी बीमारियों के लिए कैशलेस मेडिकल सुविधा लागू की जाए व चिकित्सा भत्ता बढ़ाकर तीन हजार रुपये मासिक किया जाए। कम्यूटेशन रिकवरी 15 वर्ष से घटाकर 12 वर्ष में की जाए। फैमिली पेंशनर्स को भी एलटीसी की सुविधा दी जाए। 18 महीने का डीए एरियर (कोरोना काल) छह प्रतिशत ब्याज सहित शीघ्र जारी किया जाए। रिटायर्ड कर्मचारी को 30 जून को वार्षिक वृद्धि का लाभ देने सहित, उच्च न्यायालय एवं सर्वोच्च न्यायालय की ओर कर्मचारी हित में दिये गए सभी फैसले लागू किए जाएं। 60 वर्ष की आयु के बाद पेंशनर्स के लिए रेल में रियायती दर पर यात्रा सुविधा लागू की जाए।
सभी जिलों से सेवानिवृत्त कर्मचारी बैठेंगे अनशन पर
प्रदेश के प्रत्येक जिले के कर्मचारी रोहतक में लघु सचिवालय के बाहर क्रमिक अनशन पर बैठेंगे। इसके लिए प्रत्येक जिले की तिथि तय कर दी गई है। 13 फरवरी को जींद, 14 फरवरी काे कैथल, 15 फरवरी को हिसार, 16 फरवरी को झज्जर, 17 फरवरी को भिवानी, 18 फरवरी को रेवाड़ी, 19 को दादरी, 20 को महेंद्रगढ़, 21 को सोनीपत, 22 को फरीदाबाद, 23 को करनाल, 24 को यमुनानगर, 25 को अंबाला, 26 को पानीपत, 27 को कुरुक्षेत्र, 28 को सिरसा, 29 फरवरी को फतेहाबाद, 1 मार्च को पंचकूला, 2 को गुरुग्राम, 3 मार्च को नूंह, 4 मार्च को पलवल जिले के कर्मचारी धरने पर बैठेंगे।