रोहतक। नौ माह पहले ब्राह्मणवास गांव के किसान से मोबाइल कंपनी का टावर लगाने के नाम पर डेढ़ लाख से ज्यादा की ठगी करने के मामले में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी यूपी के मोहबबा जिले के गांव गोहानी निवासी राजलाल को अदालत में पेशकर सोमवार को चार दिन के रिमांड पर लिया गया। अब पुलिस की आर्थिक अपराध जांच शाखा की टीम अन्य आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। आर्थिक अपराध जांच शाखा के प्रभारी राजू सिंधू ने बताया कि जून 2022 को ब्राह्मणवास गांव निवासी जयभगवान ने सदर थाने में शिकायत दी कि उसके पास अज्ञात नंबर से मिस कॉल आई। पूछने पर युवक बोला, वह मोबाइल कंपनी से बोल रहा हूं। अपना नाम नितिन बताया। नितिन ने जयभगवान से टावर लगाने बारे बातचीत की और अपने सीनियर अधिकारी संजय शुक्ला से बात करवाई। संजय शुक्ला ने जयभगवान को बताया कि वह कंपनी के बंगलौर कार्यालय से बोल रहा है। जयभगवान ने संजय शुक्ला से उसके आधार कार्ड, पेनकार्ड, पहचान पत्र की मांग की। संजय शुक्ला ने अपने व नितिन के निजी कागजात जयभगवान को भेज दिये व जयभगवान से उसकी जमीन व प्लॉट के बारे में पूरी जानकारी ली, जिसके बाद नितिन ने जयभगवान को बताया कि उनकी जमीन पर टावर लगवाने के लिए सैटेलाइट निरीक्षण किया गया जो सही पाया गया ह। इसके लिए एनओसी की लेनी पड़ी। जयभगवान के पास एक मिस्ट्री नाम के युवक का फोन आया, बोला आपको 40 लाख का चैक भेजा है। उसके क्लीयर करने के लिए 50 हजार रुपये की मांग की। किसी न किसी बहाने 1 लाख 54 हजार 450 रुपये ठग लिए। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए एएसआई अश्वनी के नेतृत्व में दिल्ली में दबिश देकर आरोपी राजलाल को काबू कर लिया।