हरियाणा पुलिस में 25 हजार कर्मियों की जगह खाली है। स्टाफ की कमी के चलते प्रशासन अपराध कम करने में नाकामयाब है। आप के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष नवीन जयहिंद ने जारी बयान में कहा कि 50 हजार उम्मीदवार हरियाणा पुलिस के भर्ती नतीजों के इंतजार में हैं। अपनी मांग मनवाने के लिए सभी उम्मीदवार शनिवार को मानसरोवर पार्क में एकत्र होंगे। इसके बाद भाजपा के मुख्य कार्यालय का घेराव करते हुए हल्ला-बोल करेंगे। जयहिंद ने कहा कि सरकार को हर भर्ती का कैलेंडर जारी करना चाहिए। कैलेंडर में परीक्षा, परिणाम व लिस्ट लगने सहित सब जानकारी होनी चाहिए। पिछले 2 वर्षों में सीईटी के नाम पर भर्तियां रद्द की जा रही हैं, लेकिन अभी तक सीईटी की कोई परीक्षा नहीं ली गई। युवाओं को सीईटी के नाम पर बहकाया जा रहा है। प्रदेश के बेरोजगार सरकार से बगावत करने को तैयार हैं। जयहिंद ने कहा कि युवाओं को आत्महत्या करने की बजाय सड़कों पर उतर कर सरकार का विरोध करना है। ब्यूरो