रोहतक। जवाहर लाल नेहरू (जेएलएन) नहर में रविवार को पानी आने से साढ़े पांच लाख की आबादी वाले शहर काे पेयजल किल्लत से मुक्ति मिलेगी। रविवार शाम को नहर में दो हजार क्यूसेक पानी आ गया है। अब शहर में दोनों समय सप्लाई मिलने के बाद आमजन को काफी राहत मिलेगी।
पिछले दो सप्ताह से विभाग एक दिन छोड़कर तो कभी एक समय ही पानी की आपूर्ति कर रहा था। अब नहर में पानी आने से लोगों को राहत मिलेगी। हालांकि शहर के आउटर एरिया में पेयजल संकट बना रहेगा। इसके लिए विभाग की तरफ से अलग से इंतजाम किए हुए हैं। वहां समय-समय पर पानी के टैंकरों की सप्लाई करवाई जाती है। आउटर कॉलोनियों और टेल पर जरूरत के हिसाब से अभी भी पहले की तरह ही पानी के टैंकर भेजे जाएंगे।
इन कॉलोनियों में बनी हुई थी पानी की समस्या
शहर की जनता कॉलोनी, विशाल नगर, विकास नगर, आजादगढ़, देव कॉलोनी, चौधरी लेन, मॉडल टाउन, शिव कॉलोनी, सलारा मोहल्ला, माता दरवाजा, रेलवे रोड, अंबेडकर कॉलोनी, आर्य नगर, सेक्टर 1, इंदिरा कॉलोनी, सुनारिया चौक, राम नगर, बाबा मस्तनाथ नगर, रामगोपाल कॉलोनी, बोहर गांव, दुर्गा कॉलोनी, आदर्श नगर समेत अन्य कॉलोनियों में भी पानी की समस्या बनी हुई थी। सोमवार से पानी की सप्लाई पहले की तरह संपूर्ण तरीके से दी जाएगी।