रोहतक। हरियाणा पुलिस कल्याण विभाग की शगुन योजना के तहत जिले के दो पुलिसकर्मियों को बेटियों के विवाह के लिए आर्थिक सहायता दी गई। पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल की पहल पर संचालित योजना में ईएसआई रामतीर्थ और महिला वाटर कैरियर नीलम कुमारी को ढाई-ढाई लाख रुपये की राशि प्रदान की गई। दोनों कर्मचारियों का चयन योजना के निर्धारित नियमों के अनुसार किया गया था। स्वीकृति के बाद राशि उनके बैंक खातों में भेजी गई। पुलिस अधीक्षक गौरव राजपुरोहित ने दोनों कर्मियों को कार्यालय बुलाकर सम्मानित किया और डीजीपी के हस्ताक्षरित शगुन कार्ड सौंपे।