रोहतक। वायुसेना के रिटायर सार्जेंट की हत्या के आरोप में पुलिस ने बनियानी गांव के युवक सचिन उर्फ सन्नी के दो साथियों निशांत व विकास उर्फ चौधरी को भी गिरफ्तार किया है। मंगलवार को तीनों को अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया है।
बहुअकबरपुर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अशोक ने बताया कि 24 दिसंबर की रात को सूचना मिली कि गांव मुरादपुर टेकना में रजवाहे के पास एक व्यक्ति का नैनो कार के पास शव पड़ा है। मृतक की शिनाख्त अनिल अरोड़ा निवासी सत्संग विहार जगाधरी जिला यमुनानगर के तौर पर हुई। पुलिस ने मृतक के बेटे रोहित के बयान पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर जांच पड़ताल की। पुलिस की प्रारंभिक जांच मे सामने आया कि अनिल एयरफोर्स से रिटायर्ड है व कंपनी में नेटवर्क मार्केटिंग का काम करता है। अनिल के बेटे ने बताया कि उनके पिता के पास किसी व्यक्ति का बार बार फोन आ रहा है और मिलने के लिए रोहतक बुला रहा है। 24 दिसंबर की शाम को अनिल रोहतक पहुंचा, जहां उसे मुरादपुर टेकना रोड के पास ले जाकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 25 दिसंबर को बनियानी गांव के युवक सचिन उर्फ सन्नी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि रंजिश व लूटपाट के चलते वारदात अंजाम दी गई। उसे दो दिन के रिमांड पर लेकर पुलिस ने उसके साथी गांव के ही युवक निशान व विकास उर्फ चौधरी को गिरफ्तार लिया। तीनों को मंगलवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया है।