रोहतक में रोडवेजकर्मी बिजेंद्र। अमर उजाला
साइबर अपराधियों ने तिलियार झील के पास मैनहोल के टूटे ढक्कन की ऑनलाइन शिकायत करने वाले रोडवेज कर्मचारी से दो रुपये शुल्क मांगने के नाम पर 2 लाख रुपये ठग लिए। पुलिस ने केस दर्ज कर ठग की तलाश शुरू कर दी है।
तिलक नगर निवासी रोडवेज कर्मचारी विजेंद्र सिंह ने साइबर थाना पुलिस को दी शिकायत में कहा कि आठ दिसंबर की सुबह करीब नौ बजे वह तिलियार झील के पास घूमने गया था। यहां बैंक्वेट हॉल के पास सड़क पर सीवर का मैनहोल खुला मिला। मैनहोल पर लगा ढक्कन टूटा हुआ था। दुर्घटना की संभावना के चलते ऑनलाइन शिकायत की। शिकायत के लिए नाम, पता व सीवर की लोकेशन भरने पर दो रुपये शुल्क मांगा गया। विजेंद्र ने बताया कि उसने लिंक पर रुपये जमा कर दिए। इसके बाद उसके पास फोन कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को पीडब्ल्यूडी का अधिकारी बताते हुए शुल्क जमा होने की पुष्टि नहीं होने की बात कही। शुल्क जमा कराने की बात कहने पर फोन कट गया। इसके अगले दिन नौ दिसंबर को उसके खाते से 95000 रुपये, 5000 रुपये निकाल लिए। इसके अगले दिन 10 दिसंबर को फिर से 49000, दो रुपये, 49000, 1998 रुपये और निकाल लिए गए। खाते से कुल 200002 रुपये की धोखाधड़ी की गई। आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।