रोहतक। शहर के सल्लारा मोहल्ला और जिंदरान की युवतियों व चिन्नोट कॉलोनी के व्यक्ति से साइबर ठगों ने करीब 3.5 लाख रुपये निकाल लिए। इस संबंध में आर्य नगर, पुरानी सब्जी मंडी व कलानौर पुलिस थाने में केस दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, चिन्नोट कॉलोनी निवासी भारत भूषण ने बताया कि 18 जनवरी को सुबह उसके खाते से 50 हजार रुपये और शाम को 50 हजार रुपये निकाले गए हैं। उसके पास न कोई ओटीपी आया और न कोई लिंक आया। वहीं, कलानौर खंड के गांव जिंदरान की युवती प्रीति ने बताया कि उसने ऑनलाइन कपड़े खरीदने के लिए ऑर्डर किया था। इसके लिए 950 रुपये ऑनलाइन दिए। इसी बीच उसका ऑर्डर रद्द कर दिया गया। उसे कॉल आई और कहा कि आपके पैसे वापस भेज रहे हैं। इसके लिए लिंक भेजा है। उसके ऊपर क्लिक कर देना। इसके बाद उससे लिंक पर 1 लाख 20 हजार रुपये की पेमेंट धोखे से करवा ली। इसके अलावा सल्लारा मोहल्ला निवासी टीना उप्पल ने शिकायत दी है कि उसे ऑनलाइन नौकरी का झांसा दिया गया। इसके बाद कमीशन का झांसा देकर निवेश करवा लिया। अब 1 लाख 39 हजार रुपये वापस नहीं दे रहे हैं।