माई सिटी रिपोर्टर
रोहतक। जींद रोड पर भगवतीपुर मोड़ के पास जहां दो गाड़ियों के बीच का टोचन टूटने से एक गाड़ी पलट गई, जिसमें जींद जिले के गांव अकालगढ़ के युवक की मौत हो गई, जबकि झज्जर रोड पर करौंथा के पास मोड़ पर गोबर से भरी ट्राॅली पलट गई। नीचे दबने से अटायल गांव की महिला की मौत हो गई, जो अपने भाई के साथ बाइक पर रोहतक की तरफ आ रही थी। हादसों की लाखनमाजरा व शिवाजी कॉलोनी थाना प्रभारी जांच पड़ताल कर रही है।
केस एक : खराब गाड़ी को जुलाना ले जा रहे थे युवक, अचानक गाड़ी पलटने से ड्राइवर की मौत
पुलिस के मुताबिक जींद जिले के गांव अकालगढ़ निवासी अजय ने दी शिकायत में बताया कि उसका बड़ा भाई अमित चार पहिया वाहन (छोटा हाथी) चलाता था। बुधवार सुबह साढ़े आठ बजे रोहतक से जुलाना गाड़ी लेकर जा रहा था। रास्ते में गाड़ी खराब हो गई। अमित ने विकास से संपर्क किया। विकास गाड़ी को टोचन करके जुलाना लेकर जा रहा था। रास्ते में भगवतीपुर चौक के पास गाड़ी का टोचन टूटने से अमित की गाड़ी पलट गई। इसे उसके सिर व मुंह पर चोटें आई। उसे पीजीआई ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। अजय का आरोप है कि विकास की लापरवाही से हादसा हुआ है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
केस दो : करौंथा के पास गोबर से भरी ट्राली बाइक सवार बहन-भाई पर पलटी
उधर, बालंद गांव निवासी रवि ने दी शिकायत में बताया कि उसकी बहन सुषमा निवासी अटायल को बाइक पर बैठाकर बालंद से रोहतक आ रहा था। दोपहर करीब दो बजे जब वह करौंथा गांव के अड्डे पर पहुंचे तो युवक ट्रैक्टर चलाते हुए आया। साथ ही ऊंची आवाज में म्यूजिक बजा रहा था। मोड़ पर एक दम कट मार दिया, जिससे ट्रैक्टर के पीछे जुड़ी गोबर से भरी ट्राली बाइक के ऊपर पलट गई। वह साइड में गिर गया, जबकि उसकी बहन व बाइक गोबर से भरी ट्राॅली के नीचे दब गई। उसने ट्राॅली को हटाने का पूरा प्रयास किया, लेकिन ज्यादा भारी होने के कारण कुछ नहीं कर सका। जब लोगों की मदद से ट्राली को उठाया, तब तक सुषमा की मौत हो चुकी थी।