झज्जर। कुछ शरारती तत्वों द्वारा सोशल मीडिया पर अवैध हथियारों का प्रदर्शन किया जा रहा है। थाना दुजाना प्रबंधक निरीक्षक मनजीत कुमार ने बताया कि थाना में तैनात मुख्य सिपाही नीरज कुमार की टीम ने दो आरोपियों को सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ प्रदर्शन करके आम जन में डर व भय का माहौल पैदा करने के मामले में कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान आकाश व पंकज निवासी बिरधाना के तौर पर की गई। आरोपियों पर पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पकड़े गए दोनों आरोपियों पर जानलेवा हमला, हत्या, लूटपाट व अवैध हथियार के आपराधिक मामले पहले से ही विभिन्न स्थानों में दर्ज हैं। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें अदालत झज्जर में पेश किया गया। अदालत के आदेश अनुसार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।