जलेबी चौक पर सोमवार रात करीब सवा दो बजे ऐलनाबाद से सामान लेकर दिल्ली जा रहे ट्रक चालक फतेहाबाद जिले के गांव भौडिया खेड़ा निवासी रामप्रसाद (42) को दूसरे ट्रक ने टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल चालक को ट्रक के परिचालक हिसार जिले के गांव देवा निवासी प्रदीप ने पीजीआई में दाखिल कराया, जहां उनकी मौत हो गई। शिवाजी कॉलोनी थाने में अज्ञात वाहन ट्रक चालक के खिलाफ लापरवाही से ड्राइविंग का केस दर्ज किया गया है।
ट्रक के परिचालक प्रदीप ने पुलिस को शिकायत में बताया कि उसके मामा रामप्रसाद ट्रक चलाते थे। सोमवार की रात ऐलनाबाद से स्टरिंग का सामान लादकर दिल्ली जा रहे थे। रात करीब सवा दो बजे रोहतक के जलेबी चौक पर पहुंचे तो लघुशंका करने के लिए सड़क के किनारे ट्रक खड़ा करके दूसरी तरफ चले गए। जबकि वह कंडक्टर साइड की सीट पर ट्रक में ही बैठा रहा। लघुशंका के बाद जब मामा ट्रक में चढ़ने लगे तो हिसार की तरफ से आए दूसरे ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर लगने से उसके मामा लहूलुहान होकर सड़क पर गिर गए। राहगीरों की मदद से वह मामा को लेकर पीजीआई पहुंचा, जहां उनकी मौत हो गई। मामले की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और परिचालक के बयान पर फरार आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।