रोहतक। हिसार रोड पर शनिवार सुबह ट्रक से तिरपाल उतार रहे चालक राजस्थान के जयपुर जिले के गांव पुतापुर निवासी कालूराम (50) की हाईटेंशन तारों से करंट लगने से मौत हो गई। सिटी थाना प्रभारी रमेश कुमार ने बताया कि कालूराम ने 10 टायरी ट्रक खरीदा हुआ है। वह हिसार रोड पर अक्सर राजस्थान से माल भरकर उतारने आता है। शनिवार सुबह 6 बजे हिसार रोड पर स्कूल में प्रयोग होने वाली चॉक के डिब्बे भरकर कारोबारी गौतम की फर्म पर पहुंचे। माल उतारने के लिए ट्रक के ऊपर लगे तिरपाल को चढ़कर हटाने लगा। पास से गुजर रही हाईटेंशन तारों की चपेट में आ गए। जोरदार धमाके के साथ करंट लगने से कालूराम की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पाकर पिता रामकरण यादव राजस्थान से परिजनों सहित रोहतक पहुंचे और पोस्टमार्टम के बाद शव लेकर चले गए। ब्यूरो