संवाद न्यूज एजेंसी
महम। खंड के गांव खरकड़ा में उधार दी रकम न लौटाने और उधार मांगने पर थप्पड़ मारने के आरोप के चलते एक व्यक्ति ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मृतक के बेटे की शिकायत पर चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस में दी शिकायत में खरकड़ा निवासी आशीष ने बताया कि उसके पिता अनिल ने गांव में ही एक परिवार को 12 लाख 85 हजार रुपए उधार दिए हुए थे। आरोप है कि 29 फरवरी 2020 को दो लाख रुपए व बाद में इसी तरह आरोपी कुल 12 लाख 85 हजार रुपए ले गए। रकम वापस देने का समय आया तो बार-बार टाल-मटोल करते रहे। 15 फरवरी को उसके पिता के मोबाइल पर फोन आया तथा हिसाब करने के लिए उन्हें अपने घर बुलाया। बताया कि वह तथा उसका पिता अनिल आरोपियों के घर चले गए। आरोप है कि जाते ही एक महिला ने उसके पिता को थप्पड़ मारा तथा दूसरी महिला ने छेड़छाड़ के आरोप में फंसाने की धमकी दी तथा युवक ने दोबारा आने पर पूरे परिवार को मारने की धमकी दी। बताया कि इस घटना के बाद उसका पिता तनाव में आ गया तथा घर में उदास रहने लगा। 17 फरवरी को उसका पिता खेत में चला गया तथा काफी देर तक वापस न आने पर जब उसको फोन किया तो उसने आरोपियों द्वारा रकम न देने व मारपीट करने के कारण जहरीला पदार्थ निगलकर आत्महत्या करने की बात कही। जाकर देखा तो उसके पिता ने जहर सेवन कर लिया था। उसे रोहतक के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया जहां पर इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के बेटे की शिकायत के आधार पर दो महिलाओं सहित चार के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।